तिलहर(शाहजहांपुर)। हाईवे स्थित ढाबा पर काम करने वाले एक मजदूर की देर रात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। रविवार दोपहर उसका शव सड़क के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। मृतक के भाई ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी है।
शाहजहांपुर सदर थाना क्षेत्र के गांव अजीजगंज निवासी 55 वर्षीय बालक राम पुत्र तौले राम तिलहर थाना क्षेत्र के गांव भेदपुर के समीप स्थित ढाबा पर मजदूरी का कार्य करता था। शनिवार देर रात किसी ढाबा से काम करके वह अपने घर पैदल वापस लौट रहा था इसी दौरान सड़क के किनारे किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह सड़क के किनारे दूर झाड़ियों में जा गिरा। जमीन पर सिर टकराने से उसके सिर में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई।
बताया कि रविवार को दोपहर के समय झाड़ियों में किसी व्यक्ति के शव पड़े होने की सूचना पर जब पुलिस वहां पहुंची तब उसकी पहचान कराई गई। लोगों ने उसकी पहचान अजीज गंज निवासी बालक राम के रूप में की। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उसकी शिनाख्त की इसके बाद शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया। कोतवाल संजय राय ने बताया कि मृतक चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था उसकी शादी नहीं हुई थी। वह ढाबे पर मजदूरी करके अपना गुजर बसर करता था। मृतक के भाई वेदनाथ ने अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध तहरीर दी है।