बरेली। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के आधीन संस्था एनएसएसओ की ओर से किसान परिवारों की सामाजिक और आर्थिक स्थिति की समीक्षा की गई। सर्वेक्षण में सरकारी और गैर सरकारी संगठनों की आंकड़ों पर निर्भरता पर प्रकाश डाला गया।
केके अस्पताल रोड पर आयोजित प्रशिक्षण शिविर में संयुक्त निदेशक वीपी सिंह ने ‘कृषक परिवारों की स्थिति ऋण एवं निवेश सहित पशुधारिता’ विषय पर एक माह की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों से भारत सरकार को किसानपरक नीतियां बनाने में मदद मिली। सटीक नीति निर्माण के लिए आंकड़ों की शुद्धता जरूरी है। एनएसएसओ इन भूमिकाओं का निर्वहन सतत रूप में कर रहा है। आगे भी गुणवत्तापरक आंकड़े संग्रह किए जाएंगे ताकि उनसे बनने वाली नीतियों का फायदा जनता को मिल सके। सांख्यिकी विभाग के आंकड़ों से वित्तीय समावेशन में किसानों की भागेदारी बढ़ाने वाली नीतियां बनेंगी। बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, सीतापुर के उप क्षेत्रीय कार्यालयों के अधिकारियों का स्वागत उप निदेशक सुष्मित ने किया। कार्यक्रम में रवि कपूर, आरके जोशी, आरके वर्मा आदि मौजूद रहे।