बरेली। स्मार्ट सिटी प्रोजेेक्ट में नगर निगम ने पार्कों में ओपन जिम बनाने की योजना बनाई है, लेकिन योजना कागजी कार्रवाई तक ही सीमित है। वहीं कैंट बोर्ड ने पिछली बोर्ड बैठक में पार्कों में ओपन जिम बनाने का निर्णय लिया और माह भर गुजरने से पहले ही जिम के लिए दो लाख रुपये का बजट भी जारी कर दिया। संभावना है कि नए साल पर कैंट निवासियों को ओपन जिम का तोहफा कैंट बोर्ड देगा।
कैंट बोर्ड गांधी और चिल्ड्रन दो पार्कों में ओपन जिम बनाएगा। बता दें कि हाल ही में दिल्ली कैंट बोर्ड में ओपन जिम बनाए गए हैं, जिसके बाद अब बरेली कैंट बोर्ड के पार्कों में जिम बनाने का निर्णय लिया गया है। पार्कों के रेनोवेशन का कार्य देख रहे इलेक्ट्रिकल मैकेनिकल इंजीनियर मनोज यादव ने बताया कि पार्कों के लिए करीब दो लाख रुपये का बजट मंजूर हुआ है। पहले चरण में पार्कों में चार मशीन लगाई जाएंगी, जिसमें लोग निशुल्क जिम का आनंद ले सकेंगे। पार्क के खुलने से बंद होने तक लोग इस पर वर्जिश कर सकते हैं। शुरुआत में यह व्यवस्था निशुल्क रहेगी। बाद में मशीनों की संख्या बढ़ाए जाने अथवा अन्य कारणों से चार्ज लिए जाने की संभावना है। बताया कि जेम पोर्टल से ऑनलाइन सभी मशीनों की खरीदारी के लिए ऑर्डर दे दिया गया है। कुछ मशीनें बोर्ड ऑफिस पहुंच चुकी हैं। सभी मशीनें पहुंचते ही इन्हें इंस्टाल किया जाएगा।
यह रहेंगी मशीनें
पैरेलल बार, स्पेस वाकर, बाई साइकिल, पुल चेयर, सिटअप बेंच।