वेतन न मिलने पर कर्मचारियों ने शुरू की हड़ताल
लखीमपुर और गोला डिपो में तैनात है ट्राईमैक्स कंपनी के कर्मचारी
चार माह से बकाया है सैलरी
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। लखीमपुर और गोला डिपो में तैनात ट्राईमैक्स कंपनी के कर्मचारियों को चार महीने से वेतन नहीं मिल रहा है, इससे दुखी होकर कर्मचारियों ने बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। एमएसटी एवं ओपेन कार्ड में रिचार्ज आदि न हो पाने से गोला और लखीमपुर डिपो को करीब पचास हजार रुपये का नुकसान हुआ है।
रोडवेज में एमएसटी, ओपनकार्ड, व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम ( वीटीएस), टिकट मशीन आदि की देखरेख की जिम्मेदारी ट्राईमैक्स कंपनी की है। कंपनी ने इसके लिए लखीमपुर और गोला डिपो में कर्मचारी तैनात कर रखें हैं। कर्मचारियों ने पिछले चार महीने का वेतन न मिलने पर हड़ताल का ऐलान कर कार्यालयों में ताला जड़ दिया। इससे बुधवार को न तो नई एमएसटी बन सकी और न ओपन कार्ड। इसमें रिचार्ज तक नहीं हुए। लखीमपुर डिपो के सुपरवाइजर आकिब खान, वीटीएस इंजीनियर फिरोज खान, ईटीएम इंजीनियर रिजवान सिद्दीकी, एमएसटी प्रभारी प्रदीप वर्मा का कहना है जब तक वेतन नहीं मिल जाता तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
लखीमपुर डिपो के कर्मचारियों का कहना है कि वेतन के लिए जब प्रोजेक्ट मैनेजर अनूप पाठक से बात की तो उन्होंने कहा काम करना हो तो करो वरना निकाल कर बाहर कर दूंगा। हालांकि इस संबंध में अनूप पाठक का कहना है कि रोडवेज पर कंपनी का बकाया है। जैसे जैसे रोडवेज कंपनी का भुगतान कर रही है वैसे ही कर्मचारियों का भुगतान किया जा रहा है।
वर्जन
कर्मचारियों को एक माह की सैलरी दी जा चुकी है। रही बात बकाए की तो उसकी व्यवस्था भी की जा रही है। जल्द से जल्द बकाया सैलरी का भुगतान कर दिया जाएगा।
- आरपी सिंह, प्रोजेक्ट लीडर, ट्राईमैक्स