बरेली। कैंट क्षेत्र में पार्किंग क्षेत्र का चिह्निकरण प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब अवैध पार्किंग करने वालों पर जुर्माना लगाए जाने का आदेश जारी हुआ है। पिछले दिनों अतिक्रमण करने वालों पर लगाए जा रहे जुर्माने की दर से अवैध पार्किंग पर भी दो सौ रुपये जुर्माना लगाए जाने की संभावना है।
जानकारी के मुताबिक कैंट बोर्ड अध्यक्ष ब्रिगेडियर इंद्रजीत सिंह ने जुर्माने की राशि अतिक्रमण की जुर्माना राशि से अधिक रखने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दो सौ रुपये की दर से जुर्माना लगाए जाने की संभावना है। सनद रहे कि पिछले दिनों सदर बाजार, बीआई बाजार और बदायूं रोड की ओर ई-रिक्शा, ऑटो, टेंपो, निजी चार और दो पहिया वाहन के लिए पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए हैं। चिह्नित जमीन को बोर्ड बैठक में पास कर दिया गया है, जिसके बाद अब अवैध पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की मांग हुई है। राजस्व निरीक्षक विकास ने बताया कि प्रतिदिन के हिसाब से दो सौ रुपये जुर्माना लगाए जाना प्रस्तावित है। वहीं अध्यक्ष के निर्देशानुसार नई जुर्माना राशि लागू करने पर आगामी बोर्ड बैठक में निर्णय लिए जाने की संभावना है।