बरेली। विश्वविद्यालय में चल रही मुख्य परीक्षाओं के बॉटनी विषय के प्रश्न पत्र में कई खामियां मिलने के बाद विद्यार्थियों और शिक्षकों में खासी नाराजगी है। पेपर सेटिंग के नाम पर हर साल लाखों रुपये खर्च करने के बाद भी प्रश्नों की सेटिंग में गड़बड़िया मिलने से परीक्षा की शुचिता पर सवालिया निशान लग गया है। परीक्षा संपन्न होने के बाद विद्यार्थियों ने संबंधित विषय के शिक्षकों से संपर्क कर समस्या रखी है। साथ ही प्रश्नपत्रों को सोशल साइट्स पर भी अपलोड कर आक्रोश जाहिर किया है।
मंगलवार को बीएससी फाइनल ईयर, सेकंड और फर्स्ट ईयर के बॉटनी विषय की परीक्षा थी। प्रश्नपत्र के बारे में फेसबुक वॉल पर तेजी से विवि के प्रश्नपत्र वायरल हो रहे थे। इसके मुताबिक फाइनल ईयर के दूसरे प्रश्न पत्र में दो बहुविकल्पीय प्रश्न ऐसे पूछे गए जिनके उत्तर स्पष्ट नहीं हैं। दोनों ही प्रश्न गलत हैं। बीएससी सेकंड ईयर के पहले प्रश्नपत्र के पहले बहु विकल्पीय प्रश्न में अंग्रेजी में एसिमिलेटरी रूट्स और हिंदी में श्वसन मूल संबोधित कर पूछा गया है। ऐसे में दोनों प्रश्नों के जवाब अलग हो जाएंगे, जिसे लेकर विद्यार्थी परेशान रहे। बीएससी सेकंड ईयर के तीसरे प्रश्नपत्र के तीसरे बहुविकल्पीय प्रश्न में जवाब है ही नहीं और पांचवें बहुविकल्पीय प्रश्न में दिए दो विकल्प भी गलत हैं। बीएससी फर्स्ट ईयर की पेपर मार्किंग ही गलत हो गई है। तीनों पेपर 33 नंबर के आए हैं। ऐसे में इनका जोड़ 99 नंबर ही हो रहा है, जबकि जोड़ सौ नंबर का होना चाहिए। मामले पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. संजीव कुमार ने कहा कि प्रश्नपत्रों की गड़बड़ियों के संबंध में कोई शिकायत प्राप्त होगी तो संज्ञान लिया जाएगा।