बारिश की भेंट चढ़ गया एस्केलेटर का उद्घाटन
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। यात्रियों को उम्मीद थी कि शुक्रवार से एस्केलेटर की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी, लेकिन इसका उद्घाटन बारिश की भेंट चढ़ गया। इज्जतनगर स्टेशन पर उतरकर कार में बैठकर सिटी स्टेशन चले गए। उन्होंने एस्केलेटर की ओर देखा तक नहीं।
शुक्रवार को पूर्वोत्तर रेलवे के जीएम राजीव अग्रवाल ने टनकपुर से भोजीपुरा सेक्शन का जायजा लिया। उन्होंने सीओएम अनिल कुमार सिंह, सीसीएम आलोक सिंह, सीएसओ एके सैनी, प्रमुख यांत्रिक इंजीनियर, इज्जतनगर मंडल के डीआरएम उमेश कुमार सिंह, सीनियर डीएफएम अरविंद शर्मा, सीनियर डीसीएम नीतू, मंडल सुरक्षा आयुक्त अमिताभ आदि के साथ टनकपुर, खटीमा, पीलीभीत और भोजीपुरा स्टेशनों का निरीक्षण किया। टनकपुर स्टेशन पर वयोवृद्ध रेल कर्मी ने गार्ड-ड्राइवर विश्रामालय का उद्घाटन किया। भोजीपुरा स्टेशन पर उन्होंने प्रतीक्षालय, शिशु देखभाल कक्ष, स्टेशन मास्टर कक्ष, टिकट विंडों आदि का निरीक्षण किया। इज्जतनगर स्टेशन पर यात्रियों को एस्केलेटर के उद्घाटन का इंतजार था, लेकिन शाम सात बजे वह स्पेशल ट्रेन से उतरकर कार से सिटी स्टेशन चले गए। इससे एस्केलेटर का उद्घाटन एक बार फिर टल गया है।
जीएम ने किया कई गेटमैन को सम्मानित
जीएम राजीव अग्रवाल ने निरीक्षण के दौरान गेटमैन, ट्रैकमैन से संरक्षा संबंधी प्रश्न भी पूछे, संतोषजनक उत्तर मिलने पर उन्होंने रुपये देकर पुरस्कृत किया। उन्होंने निर्माण विभाग को 20 हजार रुपये, गैंग लेंथों को 15-15 हजार रुपये दिए। उन्होंने कई रेलवे क्रॉसिंग के गेटमैन से संरक्षा संबंधी प्रश्न पूछे और सटीक उत्तर मिलने पर सम्मानित किया।