लखीमपुर खीरी। शहर में नवनिर्मित एसएसबी के प्रशासनिक भवन और आवासीय परिसर का सोमवार को गृहमंत्री राजनाथ सिंह उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह सैनिक सम्मेलन में जवानों और अधिकारियों को संबोधित करेंगे। गृहमंत्री पत्रकारों से भी बातचीत करेंगे।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह सोमवार को एसएसबी सेक्टर मुख्यालय आकर सैनिक सम्मेलन में शामिल होंगे। वह नवनिर्मित प्रशासनिक भवन, सैनिक एवं अधिकारियों के लिए बने आवासीय भवनों का उद्घाटन करेंगे। उनके आगमन को लेकर सेक्टर मुख्यालय में रविवार की देर रात तक तैयारियों का सिलसिला जारी रहा। उनकी सुरक्षा को लेकर एसएसबी ने चाक चौबंद व्यवस्था की है। रविवार को डॉग स्क्वाड टीम ने भी हेलीपैड, सैनिक सम्मेलन परिसर आदि का निरीक्षण किया। एसएसबी परिसर को साज सज्जा कराने के साथ प्रशासनिक भवन को सजाया गया है। एसएसबी के जन संपर्क अधिकारी ओपी साहू ने बताया कि गृहमंत्री मुख्य द्वार का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वह सैनिक सम्मेलन में जवानों को संबोधित करेंगे, जिसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर वार्ता कर बड़ा खाना में भी शामिल होंगे।
यह है कार्यक्रम
11.20 बजे - आगमन (हेलीकॉप्टर) सेक्टर हेड क्वार्टर एसएसबी, लखीमपुर
11.30 से दो बजे तक- उद्घाटन और सैनिक सम्मेलन, सैनिक परिचय
02.00 बजे- बड़ाखाना (लंच)
02.10 बजे- बहराइच के लिए रवाना
क्या है बड़ा खाना
एसएसबी पीआरओ ओपी साहू ने बताया कि एसएसबी में तीन तरह की मेस (कैंटीन) होती हैं। एक जवानों की, दूसरी अधिकारियों की और तीसरी उच्चाधिकारियों के लिए। सभी लोग अपनी रैंक के अनुसार ही मेस में शामिल होते हैं, लेकिन जब जवानों से लेकर उच्चाधिकारी एक साथ भोजन में शामिल होते हैं तो इसे बड़ा खाना कहा जाता है।
अधिकारियों ने डाला डेरा
गृहमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए एसएसबी के आईजी सौरभ त्रिपाठी रविवार सेक्टर मुख्यालय पहुंच गए। वहीं डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एएसपी, एसडीएम सदर ने भी आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। डॉग स्क्वाड ने भी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था परखी।
अस्पताल में बना सेफ
गृहमंत्री के लिए जिला अस्पताल में सेफ हाउस बनकर तैयार हो गया है। वहीं एंबुलेंस में डॉ. अजीत कुमार, पैथालॉजिस्ट डॉ.केपी सिंह, फार्मेसिस्ट डॉ. अनिल कुमार, सर्जन डॉ. सतीश वर्मा और एनेस्थेटिक डॉ. संतोष मिश्रा तैैनात रहेंगे। उनकी सुरक्षा को लेकर पुलिस लाइन में ए-पॉजिटिव ब्लड ग्रुप के दो सिपाही रिजर्व रखा गया है।