बरेली। शिक्षक नेता एवं प्रधानाध्यापक और अनुदेशक के बीच चल रहे विवाद में अनुदेशक के खिलाफ लामबंदी तेज हो गई। बीईओ देवेश राय ने पूरे प्रकरण की रिपोर्ट बीएसए तनुजा त्रिपाठी को दी है। वहीं शिक्षक नेता को जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक का प्रभार छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं।
बता दें कि बुधवार को नगर क्षेत्र के एक स्कूल में जूनियर हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक नेता और अनुदेशक में विवाद हो गया था। अनुदेशक का आरोप है कि शिक्षक नेता उन पर अपने स्कूल में पढ़ाने का दबाव बनाते हैं क्योंकि उन पर जूनियर हाईस्कूल का भी प्रभार है। इसको लेकर अनुदेशक ने बीईओ को फोन करके सुसाइड की धमकी दी थी। एबीआरसी ने मौके पर जाकर समझौता कराया था। मगर इसके बाद शुक्रवार को शिक्षक नेता ने बीएसए से अनुदेशक की शिकायत की। शनिवार को स्कूल की प्रबंध समिति की अध्यक्ष गुलराना की ओर से बीईओ देवेश राय से अनुदेशक की शिकायत की गई है। बीईओ ने बताया कि पूरे मामले की रिपोर्ट बनाकर बीएसए को भेज दी गई है। साथ ही शिक्षक नेता एवं प्राइमरी स्कूल के प्रधानाध्यापक के जूनियर हाईस्कूल का प्रभार छोड़ने के निर्देश दिए हैं।