एक तरफ सरकार खेलो इंडिया के तहत स्कूल-कॉलेजों में खेलों को बढ़ावा देने का दम भर रही है वहीं जिला स्तर के अधिकारियों की उदासीनता से खेल के मैदान लापरवाह खेल शिक्षक ही मनमानी चला रहे हैं। आलम यह है कि प्रतियोगिता कराना तो दूर टीमें तक बनाकर नहीं भेज रहे। जीआईसी में शनिवार को हुई मंडल स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में सिर्फ बरेली और बदायूं की टीम खेलीं, जिसमें बरेली चैंपियन बना। पीलीभीत और शाहजहांपुर ने टीमें भेजने से ही मना कर दिया। बालिका वर्ग का हाल यह रहा कि टीमें न आने से बरेली बिना खेले ही विजेता घोषित करना पड़ा।
मंडल स्तरीय प्रतियोगिता में बदायूं से सीनियर वर्ग और सब जूनियर वर्ग की टीमें प्रतियोगिता में उतरीं। सीनियर वर्ग में बरेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बदायूं को 15-4 से हरा दिया। बरेली के मोहम्मद शान ने पांच और प्रदीप ने चार और शोभित गोल किए। सब जूनियर में बदायूं ने बरेली को 7-6 से हरा दिया। गर्ल्स में बरेली की सीनियर और सब जूनियर वर्ग की टीमें पहुंची, लेकिन किसी अन्य जिले की टीम न होने के कारण बिना खेल ही बरेली को विजेता घोषित किया गया। इससे पहले आयोजकों की तरफ से पीलीभीत और शाहजहांपुर में संपर्क किया गया लेकिन टीम के कोच ने टीम लाने से मना कर दिया। बताया जा रहा है कि इन दोनों जिलों में हैंडबॉल की जिला स्तरीय प्रतियोगिता ही नहीं कराई गई। प्रतियोगिता से मंडल की टीम चुनी गई जो 20 से 23 अक्तूबर को सोनभद्र में होने वाली प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेगी। इस मौके पर क्रीड़ा प्रभारी नईम अहमद, उप-प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव, शाहिद रजा, हैंडबॉल एसोसिएशन के सचिव फसील वेग आदि लोग मौजूद रहे।
चुनी गई टीम
सीनियर बालक : मोहम्मद शान, बृजेश शर्मा, आरिफ शाह, शोभित सिंह, अभिषेक, गौरव, दीपक, मोहम्मद रेहान, प्रदीप कुमार, फारुख, गोविंद, राहुल, केशव ।
सब जूनियर बालक : सुमित, ओमवीर, योगेश, आदिल, राम प्रताप, जुनैद, राजवीर, प्रत्यक्ष कुमार, धनराज, श्याम कश्यप, शादाब, मानवेंद्र, इकराम नियाजी।