फतवे से आहत मेरा हक फाउंडेशन की अध्यक्ष फरहत नकवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर मौलानाओं की डिग्री जांचने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पिछले दिनों बरेलवी मसलक के उलमाओं ने धार्मिक भावनाओं को हानि पहुंचाई है।
फरहत ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि वह संस्था मेरा हक फाउंडेशन के तहत तीन तलाक, हलाला, बहु विवाह समेत महिला उत्पीड़न के मामले देखती हैं। पिछले दिनों उलमाओं ने उन्हें गैर मुस्लिम और काफिर बताकर मीडिया में बयान दिए। आल इंडिया मदीना कौंसिल के अध्यक्ष मौलाना मुईन सिद्दीकी ने भी उनके खिलाफ फतवा देकर चोटी काटकर पत्थर मारकर देश से बाहर करने वाले के लिए इनाम की घोषणा की। मस्जिदों से यह एलान किया गया। ऐसे उलमा, जिन्होंने धार्मिक भावनाएं भड़काकर माहौल बिगाड़ने की साजिश रची है। उनकी डिग्री की जांच की जाए। क्योंकि ये फर्जी डिग्री लेकर रहनुमा बने बैठे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के उलमा तीन तलाक, हलाला और महिला उत्पीड़न के खिलाफ भी केंद्र और राज्य सरकार का विरोध कर रहे हैं। उनके संगठन ने माननीय प्रधानमंत्री द्वारा चलाई गई मुहिम का साथ देकर महिलाओं को जागरूक किया और इंसाफ दिलाने का काम किया। उलमाओं ने उनकी मुहिम का विरोध किया और उन्हें धमकियां भी दीं। ऐसे मौलाना और उलमाओं की डिग्री की जांच कराकर उन पर कानूनी कार्रवाई की जाए।
पिछले दिनों बरेली के कुछ कथित मौलानाओं ने फतवे की प्रक्रिया अपनाई थी, जिसमें मेरे खिलाफ काफी कुछ कहा गया। अश्लील बातों का प्रयोग कर मुझे इस्लाम से खारिज करने को कहा। ऐसे मौलानाओं की डिग्री जांचने को मैंने सीएम को पत्र लिखा। - फरहत नकवी, अध्यक्षा मेरा हक फाउंडेशन