विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का शौर्य प्रशिक्षण वर्ग 24-31 मई तक बदायूं में आयोजित किया जा रहा है। शनिवार को इसकी तैयारियों को लेकर मेयर उमेश गौतम के सिटी कार्यालय पर बैठक हुई, जिसमें विहिप एवं बजरंग दल के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय संगठन मंत्री मनोज कुमार, उपाध्यक्ष राहुल गुप्ता और मंत्री राजीव सिंह ने प्रशिक्षण वर्ग को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की। बैठक में मंडल के चारों जिले बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के विहिप जिलाध्यक्ष एवं बजरंग दल के संयोजक पहुंचे। बताया गया कि एक सप्ताह तक चलने वाले इस प्रशिक्षण वर्ग में 15-30 वर्ष तक के वे युवा शामिल होंगे, जो विहिप से जुड़े हैं।
बता दें कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का यह प्रशिक्षण वर्ग अपनी ट्रेनिंग को लेकर अक्सर चर्चाओं में रहता है। यहां पर युवाओं को देश की रक्षा के लिए सैनिकों की तरह ट्रेनिंग दी जाती है। इसमें कंटीले तारों की सुरंग से गुजरना, निशानेबाजी, दंडयुद्ध (लाठी चलाने की कला), रस्सी पर चढ़ना, योगाभ्यास एवं सूर्य नमस्कार आदि कराया जाता है। विहिप जिलाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष पवन अरोरा आदि मौजूद रहे।