बरेली। तीन जगह आठ सौ मीटर की अवैध लाइनें डाल दी गईं, अधिशासी अभियंता ने जांच के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा अवैध तरीके से खंभे लगाने का मामला भी प्रकाश में आया है। अधिशासी अभियंता एचआर वर्टिकल ने अधिकारियों के निर्देश पर 11 केवी के अधिशासी अभियंता को पत्र लिखकर मामले की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके बाद जांच शुरू कर दी गई है।
जनसंपर्क वर्टिकल (एचआर) के अधिशासी अभियंता राम लाल ने 11केवी व एलटी वर्टिकल को पत्र लिखा है। इसमें बताया कि अधीक्षण अभियंता (नगरीय) के कार्यालय में शिकायत की गई है। इसमें कहा गया है कि सम्राट अशोक नगर सरदार जी वाली गली में चार पीसीसी पोल पर 95 एमएम एबीसी केबल के माध्यम से 150 मीटर की अवैध लाइन बनाई गई है। इसके अलावा मढ़ीनाथ की महादेव कॉलोनी में संतोषी माता मंदिर के पीछे 11 पीसीसी पोल पर 95 एमएम एबीसी केबल के माध्यम से लगभग 400 मीटर की अवैध लाइन खींची गई है। वहीं आशापुरम बरेली की सरदार जी वाली गली में लगभग 240 मीटर की अवैध लाइन निर्मित है। एचआर टीम ने 11केवी वर्टिकल के अधिशासी अभियंता से कहा है कि संबंधित लाइनों के प्राकलनों की सत्यापित छायाप्रति तीन कार्य दिवस में उपलब्ध कराने के लिए कहा है। संवाद
मामले में पत्र मिला है, मैं स्वयं जाकर जांच भी करूंगा, दस्तावेजों के आधार से भी चेक करूंगा। एचआर विभाग से जो सत्यापित छायाप्रति तीन कार्य दिवस में मांगी गई है, उसे समय अनुसार विभाग को मुहैया कराया जाएगा। - नितिन गंगवार, अधिशासी अभियंता, 11केवी वर्टिकल