बरेली। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जिले में शनिवार को आयोजित विशेष दिवस पर 7,874 आवेदन मिले। मतदाता बनने के लिए फॉर्म-6 भरने के मामले में नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र के लोग सबसे आगे रहे। यहां के 1,664 लोगों ने आवेदन किए।
जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 7,732 ऑफलाइन और 142 ऑनलाइन आवेदन आए। आंवला में 990, फरीदपुर में 821, बहेड़ी में 810, बरेली में 773, बिथरी चैनपुर में 714, भोजीपुरा में 701, बरेली कैंट में 719 और मीरगंज में 682 आवेदन मिले। मतदाता सूची पर आपत्ति के लिए 1,654 आवेदन रहे। इनमें 1,647 ऑफलाइन और सात ऑनलाइन थे। बहेड़ी विधानसभा क्षेत्र में इस श्रेणी में सर्वाधिक 490 आवेदन आए।
पता बदलने, विवरण में संशोधन समेत अन्य निर्धारित कार्यों के लिए 1,448 फॉर्म-8 भरे गए। इनमें 1,258 ऑफलाइन और 190 ऑनलाइन आवेदन शामिल हैं। बरेली विधानसभा क्षेत्र में फॉर्म-8 के सर्वाधिक 233 आवेदन प्राप्त हुए। विशेष कैंप दिवस पर तीनों श्रेणियों में कुल 10,976 आवेदन आए। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह ने प्राप्त आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही है।
महिला मतदाताओं के वोट ट्रांसफर की रही समस्या
अमर उजाला की टीम ने बारादरी प्राथमिक विद्यालय, कुसुम कुमारी गर्ल्स इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, जवाहर मेमोरियल इंटर कॉलेज पहुंचकर शिविर का जायजा लिया। सबसे ज्यादा अड़चन विवाह के बाद महिलाओं के वोट ट्रांसफर की रही। कुसुम गर्ल्स कॉलेज में पहुंचीं गुलशन का नाम मतदाता सूची में नहीं था। वह मूल रूप से पूरनपुर स्टेशन पकड़िया की रहने वाली हैं। मायका जगतपुर मोहन तालाब में है। मायके से नाम कटवाकर रिपोर्ट यहां लगाने का परामर्श मिला।
बीएलओ पर बिना सत्यापन वोट बनाने का आरोप
रिठौरा। विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया में शनिवार को बूथ संख्या 415 पर तैनात बीएलओ मोहित रस्तोगी के खिलाफ खेड़ा के रहने वाले रहसुद्दीन ने शिकायत की है। आरोप है कि उनके बेटे ने प्रेम विवाह किया और पांच सालों से रिठौरा में नहीं रहता है। परिजन ने भी बेदखल कर दिया है पर बेटे ने पत्नी तूबा का ऑनलाइन आवेदन किया और बीएलओ ने बिना भौतिक सत्यापन रिपोर्ट लगाकर वोट बना दिया। फर्जी तरीके से वोट बनाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। सुपरवाइजर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीएलओ से जवाब मांगा है।
मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने क्रमवार शहर के प्राथमिक विद्यालय बालजती प्रथम, जनता, वुडरो, महानगर, शांति देवी हायर सेकेंड्री स्कूल, तिलक इंटर कॉलेज, बिथरी धौरेरा माफी स्कूल समेत 66 बूथ का निरीक्षण किया। अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशानिर्देश के तहत सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों के लिए निर्देश दिए। ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य में कोई अड़चन न रहे।