महिला मतदाताओं के वोट ट्रांसफर की रही समस्या
अमर उजाला की टीम ने बारादरी प्राथमिक विद्यालय, कुसुम कुमारी गर्ल्स इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, जवाहर मेमोरियल इंटर कॉलेज पहुंचकर शिविर का जायजा लिया। सबसे ज्यादा अड़चन विवाह के बाद महिलाओं के वोट ट्रांसफर की रही। कुसुम गर्ल्स कॉलेज में पहुंचीं गुलशन का नाम मतदाता सूची में नहीं था। वह मूल रूप से पूरनपुर स्टेशन पकड़िया की रहने वाली हैं। मायका जगतपुर मोहन तालाब में है। मायके से नाम कटवाकर रिपोर्ट यहां लगाने का परामर्श मिला।
बीएलओ पर बिना सत्यापन वोट बनाने का आरोप
रिठौरा में विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया में शनिवार को बूथ संख्या 415 पर तैनात बीएलओ मोहित रस्तोगी के खिलाफ खेड़ा के रहने वाले रहसुद्दीन ने शिकायत की है। आरोप है कि उनके बेटे ने प्रेम विवाह किया और पांच वर्षों से रिठौरा में नहीं रहता है। परिजन ने भी बेदखल कर दिया है पर बेटे ने पत्नी तूबा का ऑनलाइन आवेदन किया और बीएलओ ने बिना भौतिक सत्यापन रिपोर्ट लगाकर वोट बना दिया। फर्जी तरीके से वोट बनाने के मामले में कार्रवाई की मांग की है। सुपरवाइजर दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि बीएलओ से जवाब मांगा है।
मतदेय स्थलों पर व्यवस्थाओं के दिए निर्देश
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने क्रमवार शहर के प्राथमिक विद्यालय बालजती प्रथम, जनता, वुडरो, महानगर, शांति देवी हायर सेकेंड्री स्कूल, तिलक इंटर कॉलेज, बिथरी धौरेरा माफी स्कूल समेत 66 बूथ का निरीक्षण किया। अधिकारियों को चुनाव आयोग के दिशानिर्देश के तहत सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था व अन्य तैयारियों के लिए निर्देश दिए। ताकि निर्वाचन संबंधी कार्य में कोई अड़चन न रहे।