बरेली। पहली बार बरेली जोन ने बकाया विद्युत बिल वसूली में रिकॉर्ड तोड़ा है। मंगलवार तक करीब 220 करोड़ रुपये राजस्व वसूला जा चुका है। पावर कॉरपोरेशन ने दस हजार रुपये से ज्यादा बकायेदारों के कनेक्शन काट दिए थे, इससे राजस्व में बढ़ोतरी मानी जा रही है।
अभी तक बरेली जोन में 154 करोड़ रुपये तक ही मासिक राजस्व वसूली का रिकॉर्ड था, लेकिन इस बार मार्च माह में 220 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। चीफ इंजीनियर एसके सक्सेना ने बताया कि जोन में दस हजार रुपये से ज्यादा बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने और ओटीएस योजना में बेहतर परिणाम सामने आए हैं। उन्होंने बताया कि बड़े बकायेदारों पर तीन सौ करोड़ रुपये से ज्यादा राजस्व लंबित था। मार्च माह में रिकार्ड वसूली के बाद कुल 18,413 बकायेदारों पर 121.17 करोड़ रुपया बकाया है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी सहयोगी अफसरों और स्टाफ की पीठ थपथपाई है।