बरेली। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सपा-बसपा-रालोद गठबंधन का अंकगणित समझाते हुए कहा कि पांच साल पहले भाजपा ने अच्छे दिन लाने का वादा किया था। अब भी लोग इंतजार में हैं कि अच्छे दिन कितने किलोमीटर दूर रह गए हैं। सपा-बसपा गठबंधन इस बार चौकीदार की चौकी छीन लेगा क्योंकि यह महापरिवर्तन का गठबंधन है। अखिलेश यादव ने कहा कि अब भाजपा राज में तो अच्छे दिन नहीं आने वाले, लेकिन गठबंधन का हिसाब-किताब देखकर भाजपाई भी कहने लगे हैं कि बाबा जी (मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) बरेली की सीट नहीं बचा पाएंगे। सभा करके निकलते हुए मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा में ज्यादा फर्क नहीं है। हमने उनके लिए अमेठी और रायबरेली छोड़ी लेकिन उन्होंने धन्यवाद तक नहीं दिया।
इस्लामिया कालेज ग्राउंड में गठबंधन के बरेली सीट के प्रत्याशी भगवतसरन गंगवार के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में अखिलेश ने चुटीले तंज कसे। बोले- नवरात्र चल रहे हैं। हम सब संकल्प लें कि सच के सिवा कुछ नहीं बोलेंगे। यह संकल्प भाजपा वाले भी लें कि सच बोलेंगे। भीड़ में जब नारे लगे कि चौकीदार चोर है... तो सवाल-जवाब के अंदाज में अखिलेश ने कहा कि सच सब जान गए हैं तो अब यह बताओ कि चौकी छीनोगे या नहीं। बोले- अच्छे दिन आएंगे लेकिन उसके लिए भगवतसरन और रुचि वीरा को जिताकर लोकसभा भेजना पड़ेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश बोले- सुना है, बाबा जी यहां आए थे। बता रहे थे कि भ्रष्टाचार खत्म हो गया, कानून व्यवस्था ठीक कर दी, बेरोजगारी खत्म कर दी। लगता है उन्हें बरेली में सपा सरकार का विकास नहीं दिखाई दिया। बरेली के लोगों बताओ, इसका इलाज क्या है। भीड़ से आवाज आई-सुर्मा। अखिलेश बोले- आप लोग सुर्मा लगाकर बाबा जी की आंखें ठीक कर सकते हो। पीएम मोदी पर यह कहकर तंज कसा कि पांच साल पहले आकर कह गए थे कि मांझा चीन का नहीं आएगा। पता नहीं कहां की पतंग काट रहे थे। समाजवादी लोग अब ऐसी उनकी पतंग काटेंगे कि सीधे जमीन पर गिरेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि 10 प्रतिशत आरक्षण पर उनको कोई एतराज नहीं है। चाहे इसे बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दो, लेकिन आरक्षण के नाम पर पिछड़े वर्गों के साथ जो धोखा किया गया। वह मंत्री जी तक नहीं समझ पाए। अब पिछड़े वर्ग के बेरोजगार नौजवान अगर ऊंची मेरिट लेकर आते हैं तो उनकी गिनती सामान्य मेरिट में नहीं होगी। वह आरक्षण की मेरिट में ही उलझकर रह जाएंगे। नई व्यवस्था में अब आपको मौका नहीं मिलेगा। कार्यक्रम में प्रो. वसीम बरेलवी, भगवत सरन गंगवार, अताउर्रहमान, डॉ. आईएस तोमर, रुचि वीरा, महिपाल सिंह यादव, शुभलेश यादव, सुल्तान बेग, शहजिल इस्लाम, कदीर अहमद, जफर बेग, संजीव यादव, राजेश सागर समेत सपा-बसपा के तमाम नेता मौजूद रहे।
संतोष पर निशाना.. जो जमीन टेक्सटाइल पार्क के लिए हमसे ली, उसका क्या किया
भाजपा प्रत्याशी संतोष गंगवार पर निशाना साधते हुए अखिलेश बोले- जब वह मुख्यमंत्री थे, मंत्री जी एक बार उनसे मिले थे। उनसे बरेली में टेक्सटाइल पार्क के लिए जमीन मांगी। उन्होंने कहा कि आप बरेली, फर्रुखाबाद, नोएडा और लखनऊ हर जगह टेक्सटाइल पार्क बनवाओ। वह हर जगह जमीन देने को तैयार है। मंत्री जी ने पूरे पांच साल ऐसे ही निकाल दिए। कहीं टेक्सटाइल पार्क नहीं बना। मंत्री जी बताएं कि उस जमीन का क्या किया। बोले- सात बार सांसद रहे, क्या किया। बरेली में कोई विकास नहीं हुआ। यह ऐसा स्मार्ट सिटी है, जहां सड़क पर भैंसें दौड़ती हैं। बड़ा बाईपास, फ्लाईओवर सपा सरकार ने बनवाए। अगर सपा की सरकार बनी होती तो पीलीभीत बाईपास भी फोरलेन बन गया होता।
सपा ने डायल-100 चलाई, बाबा ने ठोको नीति
अखिलेश यादव बोले- हमने डायल-100 बनाई। मगर बाबा की सरकार आई तो पता नहीं डायल-100 को क्या हो गया। बाबा ने ठोको नीति चलाई। पुलिस आम जनता को ठोक देती है, जनता को मौका मिलता है तो वह पुलिस को ठोक देती है। भाजपा के सांसद ने इटावा में दरोगा को ठोंक दिया। सांसद को छोड़कर बाकी सब पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। भाजपा के सांसद ठेके को लेकर जूता चला रहे हैं। सांसद ने अपने ही दल के विधायक को 21 जूतों की सलामी दे दी।
अच्छा हुआ, हनुमान जी को यादव नहीं बताया
सपा प्रमुख का कहना था कि कैसे मुख्यमंत्री हैं, जो अली- बजरंगबली पर बोलते हैं। उनके लिए दोनो ही सम्मानीय हैं। हम आप जैसे नहीं हैं, जो हनुमान जी की जाति बताने लगें। बोले-अच्छा हुआ कि हनुमान जी को यादव नहीं बताया। जाति बताने से हनुमान जी भी बाबा से नाराज हैं।