बरेली। चुनाव से पहले होली को शांतिपूर्ण तरीके से निपटाना पुलिस-प्रशासन की चुनौती है। अधिकारी इसे लेकर खासे चौकस हैं कि मामूली चूक की वजह से कहीं बड़ा बवाल न हो जाए। एडीजी ने जोन के सभी नौ जिलों के एसपी को इस विषय में खास निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने सबसे ज्यादा जोर पिछले साल होली के दिनों में हुए विवादों की मॉनीटरिंग पर है।
एडीजी बरेली जोन अविनाश चंद्रा ने बताया कि पिछले साल होली से 10 दिन पहले और पांच दिन बाद तक यूपी 100 पर विवादों की जो काल आई, उनका डाटा दोबारा निकाला गया है। संबंधित थानेदारों व उस इलाके की यूपी 100 समन्वय करके इन सभी मामलों में मौजूदा स्थिति का सत्यापन करेंगे। वे जाकर देखेंगे कि कोई ऐसा विवाद तो नहीं जिसका उस वक्त सही निस्तारण नहीं हो सका हो और लोग होली के बहाने रंजिश निकालने के मूड में हों। ऐसी स्थिति मिलने पर एडवांस में ही निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
एडीजी ने यह भी बताया कि तय दिनों में शराब बंदी पूरे जोन में प्रभावी तौर पर लागू होगी। सभी एसपी को बताया गया है कि शराब की दुकानें किसी सूरत में न खुलने पाएं। उन्होंने जनता से आह्वान किया है कि त्योहार को मिलजुलकर मनाएं। खुराफात की तो रिपोर्ट लिखकर जेल भेजा जाएगा। जुलूसों में हुड़दंग किया तो हुड़दंगियों के साथ आयोजकों पर भी कार्रवाई होगी।