बरेली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर बेहिसाब धन और आचार संहिता के तहत प्रतिबंधित सामग्री रखने वालों की धरपकड़ शुरू हो गई है। चुनाव आयोग के निर्देश पर बरेली जोन के नौ जिलों में 438 टीमों ने छापामार कार्रवाई चालू कर दी है। इसके लिए बरेली जोन में 224 स्टेटिक सर्विलांस टीम और 214 फ्लाइंग स्कवाड टीमें गठित की गई हैं। इनमें प्रशासन के विभिन्न विभागों के साथ ही पुलिस अधिकारी भी लगाए गए हैं। बरेली में ऐसी 54 टीमें कार्रवाई के लिए बनाई गई हैं।
बरेली जिले में 231 सेक्टर बनाए गए हैं। इनमें 27 स्टेटिक सर्विलांस टीम गठित की गई हैं। बदायूं के 214 सेक्टर में 18 टीम, शाहजहांपुर के 264 सेक्टर में 18 टीम, पीलीभीत के 99 सेक्टर में 12 टीम गठित की गई हैं। मुरादाबाद जिले में 181 सेक्टर बनाए गए हैं, जिनमें 75 स्टेटिक सर्विलांस टीमें, बिजनौर के 216 सेक्टर में 24, रामपुर के 141 सेक्टर में 15, अमरोहा के 97 सेक्टर में 12 और संभल के 100 सेक्टर में 23 टीम गठित की गई हैं। संभल को छोड़कर बाकी जिलों में स्टेटिक सर्विलांस टीमों की संख्या के बराबर ही फ्लाइंग स्कवाड टीमें गठित की गई हैं जो अपने-अपने क्षेत्रों में छापे मारेंगी। संभल में 13 ही फ्लाइंग स्कवाड टीमें हैं।
वाहनों में सीमा से अधिक कैश, हथियार, अनाधिकृत चुनाव प्रचार सामग्री रखने वालों पर ये टीमें कार्रवाई करेंगी। पुलिस के साथ अन्य विभागों के अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दी गई है जो निष्पक्ष रूप से आचार संहिता के दायरे में रहकर कार्रवाई करेंगे। संपत्ति को सीज और संबंधित लोगों पर अलग से कार्रवाई का विकल्प खुला रहेगा। - अवनीश चंद्र, एडीजी, बरेली जोन