बरेली। आलमपुर जाफराबाद के ब्लॉक प्रमुख आदेश यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने के मामले में एसडीएम आंवला विशु राजा, डीपीआरओ विनय कुमार सिंह और बीडीसी सदस्य वेदप्रकाश यादव कोर्ट की अवमानना में फंस गए हैं। इस मामले में कोर्ट के आदेश को अनदेखा कर अविश्वास प्रस्ताव पर मतगणना कराने के बाद रिजल्ट घोषित कर दिया गया था।
छह जनवरी को आंवला तहसील के ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद में ब्लाक प्रमुख आदेश यादव के खिलाफ बीडीसी मेंबर वेदप्रकाश यादव सहित अन्य सदस्य अविश्वास प्रस्ताव लाए थे। आदेश यादव की याचिका हाईकोर्ट ने अविश्वास प्रस्ताव पर मतगणना कराकर अगले आदेश तक रिजल्ट घोषित न करने का आदेश दिया था। इसके बावजूद अविश्वास प्रस्ताव पर न केवल मतगणना हुई, बल्कि रिजल्ट भी उसी दिन घोषित कर दिया गया। एसडीएम विशु राजा का कहना है कि रिजल्ट घोषित होने तक कोर्ट का आदेश ही अपलोड नहीं हुआ था। एसडीएम ने इसके अनुपालन के लिए रिपोर्ट डीपीआरओ विनय कुमार सिंह को भेज दी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने एसडीएम आंवला, डीपीआरओ के साथ ही बीडीसी सदस्य वेदप्रकाश यादव को अदालत के आदेश की अवमानना के लिए दोषी माना है और नोटिस जारी किए हैं।
आलमपुर जाफराबाद में ब्लाक प्रमुख आदेश यादव के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। इस मामले में एसडीएम आंवला, डीपीआरओ के साथ बीडीसी सदस्य वेदप्रकाश को कोर्ट को कोर्ट की अवमानना का दोषी पाया गया है। - वीरेंद्र कुमार सिंह, डीएम