बरेली। स्वाइन फ्लू वायरस से एक मौत होने के बाद अब स्वास्थ्य महकमा अलर्ट हो गया है। संदिग्ध मरीज की जानकारी मिलते ही तत्काल आरआरटी (रैपिड रिस्पॉन्स टीम) सैंपल भरकर रिपोर्ट जांच के लिए भेज रही है। मंगलवार को भी एक संदिग्ध मरीज का सैंपल लेकर सीएमओ के आदेश पर जांच के लिए भेजा गया। आईडीएसपी (इंटीग्रेटेड डिजीज सर्विलांस प्रोग्राम) के इंजार्च के अनुसार रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो सकेगी।
बता दें कि रामपुर की डॉ. विवेक उर्फ डिंपल शर्मा की मौत होने के बाद हल्का जुकाम और बुखार भी लोगों को डराने लगा है, जिसके चलते जिला अस्पताल समेत प्राइवेट अस्पतालों में भी सर्दी, जुकाम के मरीज भी स्वाइन फ्लू की जांच की मांग कर रहे हैं। ऐसे में प्राथमिक जांच में ज्यादातर मामले सर्दी, जुकाम के मिल रहे हैं। हालांकि, जिन मरीजों की जांच में मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, उनके सैंपल लेकर पुष्टि के लिए लखनऊ भेजे जा रहे हैं।
सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला के मुताबिक स्वाइन फ्लू के लक्षण सर्दी, बुखार जैसे ही होते हैं। ऐसे में लोग स्वाइन फ्लू और आम सर्दी बुखार के बीच का फर्क नहीं समझ पा रहे हैं। जिसकीवजह से सर्दी, बुखार को भी स्वाइन फ्लू समझ रहे हैं, जबकि दोनों के लक्षणों में काफी अंतर है। उन्होंने लोगों को परेशान नहीं होने की बात कही है।