गुजरात के गिर अभ्यारण्य में 21 दिन में 23 शेरों की मौत ने पूरे देश में हड़कंप मचा दिया है। गिर वन में एक के बाद एक शेरों की मौत की घटना की जांच और मौत के कारण खोजने के लिए भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) की वन्य जीव विशेषज्ञों की टीम बुधवार को गुजरात रवाना हो गई है। गुजरात सरकार के आग्रह के बाद विशेषज्ञों की टीम गिर अभ्यारण्य में इसकी पड़ताल करेगी कि शेरों की मौत होने की आखिर वजह क्या है? टीम के सदस्य वहां कई दिन रुककर गहन अध्ययन करने के बाद बचाव के उपायों पर भी रिपोर्ट देंगे।
गिर अभ्यारण्य में 21 दिन में 23 शेरों की मौत हो चुकी है। इस पर गुजरात सरकार के असिस्टेंट चीफ सेक्रेटरी (एसीएफ) ने आईवीआरआई बरेली को चिट्ठी भेजकर इस पर रिसर्च करने का आग्रह किया था। इसके बाद आईवीआरआई के निदेशक आरके सिंह ने वाइल्ड लाइफ विशेषज्ञों की टीम बनाई, इसमें डॉ. एके शर्मा, डॉ. गौरव शर्मा और डॉ. इराराम शामिल हैं। विशेषज्ञों की यह टीम बुधवार को अहमदाबाद रवाना हो गई। निदेशक आरके सिंह ने बताया कि यह टीम वहां कई दिन ठहर कर शेरों की मौत की कारणों की गहनता से पड़ताल करेगी।