बरेली। बारिश के बीच रविवार को होने वाली केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) के सहायक कमांडेंट भर्ती परीक्षा में 715 अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष तक नहीं पहुंचे। शहर के छह परीक्षा केंद्रों पर आयोजित परीक्षा में पंजीकृत 2082 परीक्षार्थियों में से 1367 (65.65 प्रतिशत) ही उपस्थित रहे।
प्रशासन की ओर से परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए शहर के राजकीय इंटर कॉलेज, एसबी इंटर कॉलेज ब्लॉक ए और बी, बिशप मंडल इंटर कॉलेज समेत कुल छह केंद्र बनाए गए थे। पहली पाली सुबह 10 से 12 और दूसरी पाली दो से शाम पांच बजे संपन्न हुई।
पहली पाली में कुल 698 और दूसरी पाली में 669 परीक्षार्थी ही परीक्षा देने पहुंचे। परीक्षा निर्धारित समय के अनुसार कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी में संपन्न कराई गई। केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की गहन जांच की गई। पहचान पत्र और प्रवेश पत्र का सत्यापन किया गया।
परीक्षा को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और केंद्र व्यवस्थापकों की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
कम उपस्थिति के पीछे रविवार सुबह से हो रही तेज बारिश के कारण कई क्षेत्रों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने को वजह बताया जा रहा है। एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि सीसी कैमरों की निगरानी में दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।