बरेली। साधन सहकारी समिति नौगवां भगवंतापुर में गेहूं गायब होने के मामले में एआर कोऑपरेटिव ने जांच पूरी कर ली है। जांच में 657 क्विंटल सरकारी गेहूं गायब मिला है। इस मामले में अब एफआईआर की तैयारी की जा रही है। गेहूं कहां गया यूपीएसएस के अधिकारी इस मामले में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।
साधन सहकारी समिति नौगवां भगवंतापुर में यूपीएसएस का क्रय केंद्र बनाया गया था। यहां 1528.25 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। इसमें से 1029 क्विंटल गेहूं ई-क्रय प्रणाली पर बकाया दिख रहा था। एआर कोऑपरेटिव ने बुधवार को जब टीम भेजकर जांच कराई तो पता चला कि समय-समय पर ठेकेदार द्वारा गेहूं उठाया गया। सबसे आखिर में गेहूं का स्टॉक 779 क्विंटल रह गया था।
इसमें मौके पर 122 क्विंटल गेहूं मिला। 657 क्विंटल गेहूं गायब है। गेहूं कहा गया किसी को नहीं पता। एआर कोऑपरेटिव ने भी यूपीएसएस के अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी, लेकिन रिपोर्ट में 657 क्विंटल गेहूं के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई। अब क्रय केंद्र प्रभारी व यूपीएसएस के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है। चर्चा यह भी है कि गेहूं खरीद में नौगवां भगवंतापुर क्रय केंद्र पर जमकर धांधली हुई। प्राइवेट खरीद को सरकारी आंकड़ों में दर्ज किया गया। इस तरह से गेहूं खरीद का लक्ष्य बढ़ाया गया। चूंकि मौके पर गेहूं खरीदा ही नहीं गया था लिहाजा वहां गेहूं नहीं मिला।
केंद्र पर टीम भेजकर जांच कराई थी। यहां 779 क्विंटल गेहूं होना चाहिए था, इसमें से 122 क्विंटल गेहूं ही मिला। 657 क्विंटल गेहूं गायब है। मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। - ब्रजेश परिहार, एआर कोऑपरेटिव
संवाद