बरेली। करीब माह भर पहले कैंट में शुरू हुई रात में सड़कों की सफाई और कूड़ा उठाने की मुहिम अब बंद हो गई है। मामले पर सदस्यों ने कैंट के अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनके मुताबिक स्वच्छता अभियान में बेहतर रैंकिंग हासिल करने के लिए कैंट बोर्ड ने योजना की शुरुआत की। ताकि दिल्ली से निरीक्षण के लिए पहुंचने वाली टीम के सामने अधिकारी पीठ थपथपा सकें। करी माह भर पहले जारी हुए कैंट बोर्ड की रैंकिंग में 43वें पायदान हासिल करने के बाद धीरे-धीरे रात में सड़कों की सफाई और कूड़ा उठाए जाने की कवायद सुस्त पड़ने लगी और अब पूरी तरह बंद हो गई है। सदस्यों के मुताबिक अब कैंट की ओर से संचालित शुलभ शौचालय में भी गंदगी का अंबार लगा हुआ है। हालांकि, अधिकारियों ने चुनाव के बाद सफाई और कूड़ा उठाने की कवायद फिर शुरू करने की बात कही है।