बरेली। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सपा-बसपा-गठबंधन के उम्मीदवार भगवत सरन गंगवार ने तीनों पार्टियों के नेताओं के साथ जनसंपर्क और सभाओं में पूरी ताकत लगाई। भगवत के साथ गठबंधन की टीमों ने शहर, कैंट, नवाबगंज, भोजीपुरा और मीरगंज में सघन जनसंपर्क किया और जगह-जगह नुक्कड़ सभाएं कीं। लोधी महासभा के महानगर अध्यक्ष एवं मठ की चौकी, आलमगिरीगंज व्यापार सभा के अध्यक्ष विनोद राजपूत के साथ अजय राजपूत, लालता प्रसाद, सतीश चंद्र शर्मा, कन्हई राजपूत समेत उनके तमाम समर्थक भगवत सरन के प्रचार में शामिल रहे। लोगों ने जोरदार स्वागत किया और चुनाव में उनके समर्थन का संकल्प लिया। भगवत सरन गंगवार ने कहा कि चुनाव में उनको हर वर्ग और तबके से भरपूर प्यार व समर्थन मिल रहा है। जनता सात बार के सांसद-मंत्री से विकास के पैमाने पर सवाल पूछ रही है, मगर जवाब नहीं दिया जा रहा। अब जनता अपनी वोट की ताकत से ईवीएम में जवाब देगी। जनसंपर्क व सभाओं में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा खां, पूर्व मेयर डॉ. आईएस तोमर, पूर्व विधायक सुल्तान बेग, शहजिल इस्लाम, अताउर रहमान आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।