बरेली। गर्मी बढ़ने के साथ ही अब लू के थपेड़े भी बाहर परेशान करेंगे। लू (हीट वेव) से कई बार मरीज जान से भी हाथ धो बैठता है। लू से बचने के लिए शासन ने स्वास्थ्य विभाग के साथ सभी विभागों को अलर्ट किया है। प्रमुख सचिव सुरेश चंद्र की ओर से जारी आदेश में कहा गया कि लू के इलाज के लिए अस्पतालों में पर्याप्त व्यवस्था हो। ओआरएस घोल, आईवी फ्लूड का पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। गर्मी से होने वाली बीमारियों की पहचान के लिए हेल्थ केयर प्रोफेशनल की ट्रेनिंग व क्षमता निर्धारण किया जाना चाहिए। यह ट्रेनिंग चिकित्साधिकारियों, पैरामेडिकल स्टाफ, सामुदायिक स्वास्थ्य कार्यकर्ता पर फोकस होगा। जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि हाईवे, धार्मिक स्थल, पर्यटन स्थल पर पीने के पानी की व्यवस्था की जाए। इसी माह जागरूकता कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे।