बरेली। राजकीय इंटर कॉलेज में शनिवार को मतदाताओं को जागरूक करने के लिए सेल्फी प्वॉइंट बनाया गया। साथ ही, हस्ताक्षर अभियान से मतदान की शपथ दिलाई। शिक्षिका शिवानी सक्सेना ने बताया कि सुबह सेल्फी प्वॉइंट पर पहले सभी शिक्षकों ने फिर छात्रों ने सेल्फी क्लिक कर सोशल साइट्स पर वायरल कर लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया। इसके बाद हस्ताक्षर अभियान चलाया गया, जिसमें सभी ने बढ़-चढ़कर प्रतिभागिता की। इस दौरान प्रधानाचार्य डॉ. अवनीश यादव, वाइस प्रिंसिपल कुसुमलता आदि मौजूद रहीं।
शरबत वितरण कर मतदान की अपील
बरेली। गौरव सेनानी एकीकरण कल्याण समिति ने सेठ दामोदर स्वरूप पार्क और चौधरी चरण सिंह पार्क में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया। इस दौरान आयोजित गोष्ठी में सभी से मतदान की अपील की और फिर पार्क के पास शरबत का स्टाल लगाया। राहगीरों को गर्मी से निजात दिलाते हुए उन्हें देश को संवारने के लिए मतदान का संकल्प दिलाया। इसके बाद पूर्व सैनिकों ने कचहरी पर भी शरबत वितरण कर मतदान की अपील की। इस दौरान कैप्टन नसीम खान, सूबेदार शिशुपाल मौर्य, एमपी सिंह आदि मौजूद रहे।
मानव शृंखला बनाकर वोट की अपील
बरेली। द्रौपदी कन्या इंटर कॉलेज में शनिवार को सेल्फी प्वॉइंट और मानव शृंखला बनाकर मतदान की अपील की गई। प्रधानाचार्य डॉ. रामश्री ने बताया कि मानव शृंखला में छात्राओं समेत स्टाफ ने प्रतिभागिता की। इसके बाद प्ले कार्ड्स के साथ रन फॉर वोट का आयोजन हुआ। छात्राओं को पेरेंट्स समेत पड़ोसियों को वोट देने के लिए प्रेरित करने का सुझाव दिया गया।
नुक्कड़ नाटक से जताई मतदान की अलख
बरेली। खंडेलवाल कॉलेज के शिक्षा संकाय विभाग के विद्यार्थियों ने 23 अप्रैल को होने वाले मतदान के लिए सड़कों पर उतरकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित किया। गांव, कस्बों और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर नुक्कड़ नाटक कर मतदान का महत्व बताया और सभी को मतदान के दिन सुबह पहले मतदान फिर खानपान का सुझाव दिया। अभियान का संचालन डॉ. राजेंद्र पाल शर्मा, कल्पना कटियार ने किया।
बच्चों ने दिया मतदान का संदेश
बरेली। स्टेडियम रोड स्थित कैंब्रिज स्कूल में शनिवार को नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने लोगों को मतदान का संकल्प दिलाया। शिक्षिका नमिता सक्सेना और रीता भाटिया ने सभी छात्रों को घरवालों से मतदान की अपील करने का सुझाव दिया। साथ ही, उन्हें मतदान से लोकतंत्र के मजबूत होने की जानकारी दी। यहां प्रधानाचार्य मिथलेश वार्ष्णेय, नेहा आनंद, मेघा आदि स्टाफ मौजूद रहा।