बरेली। कारागार पुलिस के रिटायर्ड दरोगा ने मोहल्ले वालों को हनक में लेकर सड़क पर गैराज बना लिया। सूचना पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची तो दरोगा टीम से भिड़ गया। मगर सख्ती दिखाकर अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया गया।
पीलीभीत बाईपास स्थित संसार इन्क्लेव में कारागार पुलिस के रिटायर्ड दरोगा वेद प्रकाश ने घर के बाहर सड़क पर अवैध कब्जा कर गैराज बना लिया। इसके चलते वहां से गुजरने वाले लोगों को दिक्कत होने लगी। आसपास के लोगों ने विरोध किया तो झगड़े के हालात बन गए। इस पर मंगलवार को कुछ लोगों ने नगर आयुक्त सैमुअल पॉल एन. से इसकी शिकायत की तो उन्होंने फौरन ही टीम भेज दी। अतिक्रमण हटाओ अभियान प्रभारी ललतेश सक्सेना टीम लेकर मौके पर पहुंचे तो वेदप्रकाश ने विरोध शुरू कर दिया। पड़ोसी का मकान अवैध बताकर उसे तोड़ने की बात कहने लगे। ललतेश सक्सेना ने उनकी नहीं सुनी और हथौड़ा लेकर खुद ही कब्जा गिराना शुरू कर दिया। इसके बाद निगम टीम ने बुल्डोजर से पूरा अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया।