बरेली। आवास विकास परिषद कार्यालय में अफसरों की मौजूदगी में पिछले सप्ताह जिस तरह बेलगाम होकर जाम छलकाने के बाद झूमतीझामती होली मनाई गई, उससे सभी सरकारी कार्यालय शर्मसार होने के साथ ही सतर्क भी हो गए हैं। आमतौर पर होली की छुट्टी होने की पूर्व संध्या पर सभी कार्यालयों में होली का हुडदंग होता था और दोपहर से ही जाम छलकने लगते थे, लेकिन अबकी बार नजारा कुछ और रहा। ज्यादातर कार्यालयों में सामान्य तरीके से कामकाज होता रहा। आवास विकास परिषद के कार्यालय में तो सन्नाटा छाया रहा।
अधिशासी अभियंता नेहा सिंह की मौजूदगी में स्टाफ ने पिछले दिनों होली का स्वागत कुछ इस तरह किया कि शासन तक इसकी गूंज हो रही है। सरेआम कार्यालय समय में जाम छलकाने के आरोप में छह कर्मी निलंबित कर दिए गए और नेहा सिंह पर भी तलवार लटकी हुई है। जांच में उनको दोषी माना गया है। इसकी खबर सभी सरकारी दफ्तरों में पहुंचने के बाद मंगलवार को प्रस्तावित होली कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। सरकारी कार्यालयोें में गुलाल लगाकर एक दूसरे को शुभ कामनाएं दी गईं।
एक तो चुनावी माहौल और ऊपर से आवास विकास परिषद में हुए घटनाक्रम के चलते कलेक्ट्रेट में शांति बनी रही। हालांकि, कर्मचारी फिर भी परेशान दिखे क्योंकि जब घर जाने का समय हुआ तभी निर्वाचन विभाग की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग शुरू हो गई। इसके बाद शाम साढ़े चार बजे कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में कानून व्यवस्था से संबंधित वीडियो कॉन्फ्र्रेंसिंग का कार्यक्रम रख दिया। बताते हैं कि कमिश्नर साहब ने अपने स्टाफ को तो होली की शुभ कामना देकर घर रवाना कर दिया वहीं, कलेक्ट्रेट कर्मचारी देर शाम तक काम काज में उलझे रहे।