बरेली। टैक्स वसूली में अब तक के सारे रिकार्ड तोड़ते हुए नगर निगम ने शुक्रवार को करीब चार करोड़ रुपये का टैक्स वसूला। यह वसूली जिला अस्पताल, पीडब्ल्यूडी और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन समेत तमाम प्रतिष्ठानों से की गई है।
वित्तीय वर्ष की समाप्ति में सिर्फ दो दिन शेष बचे हैं और नगर निगम ज्यादा से ज्यादा राजस्व प्राप्त करना चाहता है। शुक्रवार सुबह ही नगर निगम की टैक्स टीम प्रभारी मुख्य कर निर्धारण अधिकारी ललतेश सक्सेना के नेतृत्व में कार्रवाई को निकल पड़ी। इस दौरान टैक्स की सबसे बड़ी वसूली जोन दो में की गई। यहां जिला अस्पताल से सालों के बकाया 2.33 करोड़, पीब्डल्यूडी से 57 लाख और इंडियन ऑयल कारपोरेशन से 17 लाख समेत 3 करोड़ 58 लाख 96 हजार 450 रुपये वसूले। इस टीम में आरपी सिंह, खुशबू भारद्वाज, धनवीर यादव, शिप्रा गुप्ता, नेत्रपाल आदि शामिल रहे। इसके अलावा जोन एक में 20 लाख एक हजार 283, जोन तीन में नौ लाख 43 हजार 768 रुपये और जोन चार में नौ लाख 17 हजार 494 रुपये टैक्स वसूला गया।
चुनाव के चलते खुली संजय कम्युनिटी हाल की सील
संजय कम्युनिटी हाल पर नगर निगम का करीब 15 करोड़ रुपये टैक्स बकाया है, जिसके चलते पिछले दिनों इसे सील किया गया था। मगर यहां चुनाव की ट्रेनिंग होती हैं, जिसके चलते जिला प्रशासन के कहने पर यह सील खोल दी गई है।
नगर निगम ने शुक्रवार को पुराने सारे रिकार्ड तोेड़ते हुए करीब चार करोड़ रुपये की टैक्स वसूली की है। यह बड़ी उपलब्धि हैं। बीडीए अफसरों से चर्चा के बाद संजय कम्युनिटी हाल की सील खोल दी गई है।
- सैमुअल पॉल एन., नगर आयुक्त