बरेली। इज्जतनगर में अवैध क्लीनिक चला रही एक डॉक्टर के खिलाफ भ्रूण हत्या के लिए एक किशोरी से डील किए जाने के वीडियो समेत शिकायत पहुंची तो स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को उसके क्लीनिक पर छापा मारा। क्लीनिक में एबॉर्शन कराने आई एक महिला के भर्ती मिलने के बाद टीम ने रजिस्ट्रेशन दिखाने को कहा तो डॉक्टर ने हाथ झाड़ दिए। इसके बाद टीम ने क्लीनिक बंद करा दिया। आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई का निर्देश दिया गया है।
छोटी बिहार में चल रहे अवैध साईं हेल्थ क्लीनिक पर मंगलवार दोपहर एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम की टीम ने छापा मारा। क्लीनिक बेसमेंट में चल रहा था। स्टाफ के नाम पर यहां एक नर्स मिली जिसने खुद को मैनेजर बताया। एक महिला मरीज भी भर्ती मिली जो नर्स के मुताबिक बुखार से पीड़ित थी। टीम के कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देने पर उसने बताया कि वह यहां एबॉर्शन कराने आई है। महिला के तीमारदार ने खुद को जलकल विभाग का कर्मचारी बताया। पूछताछ के लिए टीम डॉक्टर और उनकी सहायक (भवन की मालकिन) को कार्यालय लेकर पहुंची। पूछताछ में डॉक्टर ने अपना नाम अनु सिंह बताया। बताया कि कानपुर ने बीएएमएस किया है। तीन महीने पहले ही क्लीनिक शुरू किया है। रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट नहीं दिखा पाई तो टीम ने क्लीनिक पर ताले डाल दिए। चेतावनी दी कि 24 घंटों में रजिस्ट्रेशन नहीं दिखाया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नाबालिग लड़की से की पांच हजार की डील
पीड़ित - बाकरगंज की हूं, दूसरा महीना चल रहा है..
डॉक्टर - अच्छा ये बताओ, गोली खा सकते हो? नाबालिग हो, नई लड़कियों को औजार नहीं लगाते..
पीड़ित - फिर कैसे होगा..
डॉक्टर - एक गोली खाकर जाओ, दो दिन बाद आना। मैं अपने हाथ से दबा कर क र दूंगी..
पीड़ित - कोई परेशानी तो नहीं होगी?
डॉक्टर - कुछ नहीं होगा, बहुत आती हैं। मेरे पास तो शिकार लड़कियां भी आती हैं गांवों से.. गोली खा कर जाओ, परसों आ जाना..
पीड़ित - कितना खर्चा आएगा सफाई में ?
डॉक्टर - पांच हजार.. कोई डिस्काउंट नहीं.. तुम गांव की होतीं, तो और ज्यादा लेती..
पीड़ित - कैसे होगा? टीवी में देखते हैं, अबॉर्शन ही सुनते हैं.. हमें कुछ नहीं पता..
डॉक्टर - टीवी और प्रैक्टिकल में फर्क होता है.. बना औजार के हो जाएगा.. एक अल्ट्रासाउंड करा लो..
पीड़ित - किसी को पता तो नहीं चलेगा?
डॉक्टर - नहीं, जहां मैं भेजूं वहां चले जाओ, बहुत आते हैं तुम्हारे जैसे, मना किसी को नहीं करती..
पीड़ित - कहां होगा अल्ट्रासाउंड ?
डॉक्टर - नैनीताल रोड पर निदान अल्ट्रासाउंड सेंटर है, वहां चले जाओ, एक लड़की बैठी होगी, ये पर्ची दिखाना, सब चुपचाप हो जाएगा.. फिर दो दिन बाद मेरे पास आना.....
50 हजार नहीं दिए तो छापा पड़वा दिया
अवैध क्लीनिक चला रही डॉक्टर ने बताया कि वह कोई गैरकानूनी काम नहीं करतीं। कुछ लोग उन्हें फंसाने की कोशिश कर रहे हैं। धोखे से वीडियो बनाने के बाद दलाल ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर उन्होंने वीडियो वायरल कर दिया।
‘ एक अवैध क्लीनिक में भ्रूण हत्या किए जाने की शिकायत मिली थी। डॉक्टर का वीडियो भी मिला। क्लीनिक पर टीम के साथ छापा मारा गया। रजिस्ट्रेशन न दिखा पाने पर क्लीनिक पर ताले लगाए गए। चौबीस घंटों के दिए समय में रजिस्ट्रेशन नहीं दिखा पाए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’
- डॉ. रंजन गौतम, एसीएमओ