बरेली। सिविल एन्क्लेव परिसर में लापरवाही से हो रहे निर्माण कार्य का ही नतीजा था कि शनिवार को बिजली लाइनों में जेसीबी उलझ गई, जिसके बड़ा धमाका हो गया। धमाके का असर सीधे डीडीपुरम् उपकेंद्र पर पड़ा, जिसके चलते मॉडल टाउन समेत कई क्षेत्रों में ‘ब्लैक आउट’ हो गया। कई घंटे बाद प्रभावित क्षेत्रों को वैकल्पिक सप्लाई दी गई, जबकि क्षतिग्रस्त हाईटेंशन लाइनें और पांच खंभे अब तक सही नहीं हो पाए हैं।
शनिवार सुबह से ही सिविल एन्क्लेव परिसर में सड़क और अन्य निर्माण कार्य चल रहे थे। शाम करीब चार बजे एक जेसीबी हाईटेंशन लाइनों से टकरा गई, जिसके चलते धमाके के साथ खंभों से तार टूटकर नीचे आ गए। इस दौरान पांच खंभे टूट भी गए। दोहना-डीडीपुरम हाईटेंशन लाइन में धमाका होते ही डीडीपुरम् उपकेंद्र पूरी तौर से ठप हो गया। काफी देर बाद पता चला कि सिविल एन्क्लेव परिसर में लाइनें गिर गई हैं। एसडीओ धर्मेंद्र यादव और जेई जसीम अख्तर मौके पर दौड़े। वहां पहुंचने पर पता चला कि लापरवाही से काम कर रहा जेसीबी चालक फरार हो गया। बिजली अफसर अब कार्यदायी संस्था और ठेकेदार की तलाश कर रहे हैं, क्याेंकि इससे लाखों रुपये की क्षति हुई है।
यहां रहा ब्लैक आउट
सिविल एन्क्लेव में लाइनें क्षतिग्रस्त होने डीडीपुरम् उपकेंद्र पोषित इलाके और आईवीआरआई की सप्लाई ठप हो गई। जेसीबी से डबल पोल भी प्रभावित हुआ है। इस स्थान पर दो पोषक लाइनें हैं। एसडीओ ने किसी तरह 132 सिविल लाइंस पारेषण स्टेशन से वैकल्पिक सप्लाई शुरू कराई गई। करीब पांच घंटे तक डीडीपुरम्, मॉडल टाउन, नई बस्ती, माधोबाड़ी, ब्रह्मपुरा, भूड़, कीर्तिनगर, संजयनगर, हजियापुर, मैकनियर मार्ग समेत कई इलाकों की सप्लाई प्रभावित रही। क्षतिग्रस्त लाइनें और खंभे रविवार दोपहर में सही कराएंगे जाएंगे और ठेकेदार व जेसीबी मशीन चालक पर मामला भी दर्ज होगा।