बरेली। फरवरी में होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर बुधवार को हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग में नकलविहीन परीक्षा कराने के कड़े निर्देश दिए गए। परीक्षा में अगर कोई नकल कराते पकड़ा गया तो उस पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई होगी। केंद्रों पर एसटीएफ की निगरानी रहेगी। 18 जनवरी तक हर हाल में सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्ड लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
फरवरी में बोर्ड परीक्षाएं होनी हैं। परीक्षाएं नकलविहीन हाें इसलिए शासन इस बार और सख्ती बरत रहा है। 18 जनवरी तक सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वॉयस रिकॉर्डर लगाए जाने हैं। इस बार परीक्षा कोडिंग वाली कॉपियों पर होगी। शासन ने निर्देश दिए हैं कि संवेदनशील केंद्रों की सूची बना लें, जो केंद्र ज्यादा संवेदनशील हों वहां सुरक्षा मुहैया कराएं। कॉलेज का प्रबंधक कॉलेज परिसर में नहीं रहेगा। अगर घर है तब भी उसको परीक्षा के दौरान बाहर रहना होगा। पुलिस मुस्तैद रहेगी। डीआईओएस अचल कुमार मिश्रा ने बताया कि वीडियो कांफ्रेंसिंग में नकलविहीन परीक्षा कराने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। अगर कोई नकल कराते पकड़ा गया तो उस पर रासुका लगेगी।