सुरक्षा राशि के नाम पर जमा कराए 18-18 हजार रुपये, दो महीने काम कराकर बाहर कर दिया
बरेली। खुद को रिटायर्ड नौ सैनिक बताने वाले व्यक्ति ने 60 लोगों को सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर 18-18 हजार रुपये ठग लिए। दो महीने नौकरी कराई और फिर बाहर कर दिया। विरोध करने पर आरोपी उन्हें एससीएसटी के मामले में फंसाने की धमकी दे रहा है। पीड़ितों ने एसएसपी से शिकायत करके कार्रवाई की मांग की है।
बुधवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचे भुता के सूरजपाल ने बताया कि वह बीएससी कर चुके हैं और नौकरी तलाश रहे थे। इसी बीच अगस्त में एक सिक्योरिटी कंपनी में भर्ती की सूचना मिली। वह कंपनी पहुंचे तो आरोपी ने उन्हें डाटा इंट्री ऑपरेटर के पद पर नियुक्त किया और कंपनी की ओर से आईडी कार्ड भी जारी किया। इसी तरह बीसलपुर के रहने रामकिशोर को बाइकर नियुक्त कर सड़क के गड्ढों का डाटा जुटाने की जिम्मेदारी दी गई। शाहजहांपुर में तिलहर निवासी सुखलाल, बीसलपुर के विपिन गंगवार, छत्रपाल, खुदागंज के कृष्ण विनोद समेत कई लोगों ने बताया कि उन सभी को एनएचएआई से टेंडर मिलने का झांसा देकर सिक्योरिटी कंपनी में नौकरी दी गई। सिक्योरिटी के तौर पर सभी से 18-18 हजार रुपये जमा कराए और 18 हजार रुपये ही वेतन देने का झांसा दिया। मगर दो महीने काम कराकर सभी को निकाल दिया गया। उनकी सिक्योरिटी मनी भी हड़प ली और वेतन भी नहीं दिया। विरोध करने पर एससीएसटी के मामले में फंसाने की धमकी देने लगा। एसएसपी ने बारादरी पुलिस को जांच के निर्देश दिए हैं।