जल जीवन निगम ग्रामीण की तरफ से 2600 करोड़ रुपये से जिले में 876 ओवरहेड टैंकों का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें 560 जिंक एलम के तो 316 आरसीसी से बनाए गए हैं। इनके निर्माण में दो से तीन करोड़ रुपये खर्च होते हैं। विभाग का दावा है कि दोनों ही टैंक मजबूत होते हैं। विभाग पहले 342 परियोजनाओं का लक्ष्य लेकर चल रहा था। इसमें से 121 के क्रियाशील होने का दावा किया।
जिंक एलम टैंक उच्च शक्ति वाले इस्पात से बने होते हैं। जस्ता, एल्युमिनियम और सिलिकॉन की मिश्रधातु की कोटिंग कर इन्हें जंग प्रतिरोधी और टिकाऊ बनाया जाता है। ये टैंक अत्यधिक मजबूत, लंबे समय तक चलने वाले और रिसाव-प्रूफ होते हैं। आरसीसी ओवरहेड टैंक सरिया व कंक्रीट से बनाए जाते हैं।
जल निगम ग्रामीण की अधिशासी अभियंता कुमकुम गंगवार ने बताया कि परियोजना के अनुसार तय किया जाता है कि कहां जिंक एलम वाले टैंक बनाए जाएंगे और कहां आरसीसी निर्माण कराया जाएगा। ठेकेदार निर्धारित मानक के अनुसार कार्य कराते हैं।