बरेली। राष्ट्रीय मेगा लोक अदालत में 56, 430 मामले निपटाए गए। आपसी सुलह से 56 जोड़ों ने एक साथ जीवन यापन करने का संकल्प लिया और 106 पारिवारिक विवाद सुलझे। जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह ने उद्घाटन कर लोगों से आह्वान किया वे आपसी समझौते के आधार पर अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
शनिवार सुबह से ही जनपद न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय मेगा लोक अदालत में भारी तादाद में दोनों पक्ष पहुंचे। जनपद न्यायाधीश अशोक कुमार सिंह ने खुद मामले निस्तारित कि ए। बैंक देय, लघु फौजदारी वाद आदि से 15 करोड़ रुपये से अधिक क्षतिपूर्ति व अर्थदंड वसूली हुई। नोडल अधिकारी व अपर सत्र न्यायाधीश संजय खरे के निर्देशन में मोटर एक्सीडेंट क्लेम पीड़ितों को दिलाए गए। सीजेएम आरती फौजदार ने 1500 से ज्यादा लघु फौजदारी निस्तारित कि ए।
पारिवारिक न्यायालय में आपसी सुलह समझौते से 46 जोड़ों ने साथ साथ जीवन यापन करने का संकल्प लिया। इन जोड़ों को पारिवारिक न्यायाधीश हरीश कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव सुधाकर राय ने आशीर्वाद दिया। दाम्पत्य निर्वाह वचन देकर विदा हुए। इस मौके पर 106 पारिवारिक विवाद भी निपटाए गए। एक सेवानिवृत्त कर्मचारी ने अपनी पत्नी व विकलांग पुत्री को भरण पोषण नियमित देने पर सहमति दी।
बीस वर्ष पुराना मामला निपटा
बैंक देय प्रभारी व अपर लघुवाद न्यायाधीश शक्ति सिंह ने आठ करोड़ रुपये से ज्यादा उल्लेखनीय लंबित ऋण वसूली करायी। प्रियदर्शनी नगर निवासी मदन गोपाल वर्ष 1995 से टैक्स सही कराने के लिए परेशान थे। बीस वर्ष पुराना मामला न्यायालय ने निस्तारण कर दिया। सिविल न्यायालयों में 65 मामले निपटे।
मुआवजा मिला
पिछले वर्ष दुर्गानगर में हाईटेंशन लाइन की चपेट में विवेक की मौत हो गयी थी। विद्युत विभाग अधिवक्ता नवदीप ग्रेवाल ने 50 हजार रुपये मुआवजा पीड़ित मां रामबेटी को दिलाया। यातायात पुलिस ने 316 में 58,300 रुपये और जनपद पुलिस ने 455 मामलों में 82,300 रुपये शमन शुल्क वसूला। विद्युत विभाग ने 10,285 सुलझाए और बीएसएनएल ने 9,900 लंबित मामलों में 1,05,347 रुपये वसूले।
बिजली अदालत लगी
रामपुर बाग स्थित विभागीय परिसर में बिजली अदालत आयोजित हुई। कुल सात वादकार पहुंचे। कांधरपुर से जोगेंद्र सिंह शहरी और ग्रामीण बिल दर मामला लेकर पहुंचे। राजीव कालोनी निवासी हरीश कुमार ने सही बिल नहीं मिलने की समस्या बतायी तो हरूनगला निवासी सुचित्रा ने 40 मीटर से ज्यादा दूरी पर नया कनेक्शन मांगा। एसई शहर मनोज पाठक, उपभोक्ता निवारण फोरम सदस्य एके अग्रवाल, निसार अहमद आदि मौजूद रहे।