बरेली। हवा में लटके पुल को बनाने में लोक निर्माण विभाग ने 55 करोड़ रुपये खर्च कर दिए, लेकिन अप्रोच रोड बनाने के लिए 29.50 लाख खर्च करने में देरी हुई। नतीजा, 14 महीने से पुल हवा में लटका है। अभियंताओं की देरी और लापरवाही ने तीन लोगों की जान ले ली।
दातागंज क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पुल के अप्रोच मार्ग के निर्माण में देरी का मुद्दा वह विधानसभा में उठा चुके हैं। अब हादसे के लिए जो जिम्मेदार हैं, उन पर कार्रवाई की जाएगी। मॉडल स्टडी के लिए बजट दिलाने के लिए शासन में पैरवी करेंगे। हादसे के पीड़ितों को भी राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री को लिखेंगे।
अधिकारियों की गैरजिम्मेदारी ने कराया हादसा
फरीदपुर क्षेत्र के विधायक डॉ. श्यामबिहारी लाल ने कहा कि उन्होंने स्थानीय अधिकारियों से लेकर शासन तक अवगत कराया था। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव से भी मिले थे। मेरे क्षेत्र के दो पुल अधूरे थे, इसमें से एक का काम शुरू हुआ। दूसरे पुल पर काम शुरू नहीं कराया गया। इस वजह से हादसा हो गया। अब मैं अधिकारियों की गैर जिम्मेदारी के बारे में मुख्यमंत्री को अवगत कराउंगा। लोक लेखा समिति और विधानसभा में भी सवाल लगाएंगे। अमर उजाला ब्यूरो