बरेली। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के तमाम दावों के बावजूद जिले में संक्रमितों की तादाद तेजी से बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को 53 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव मिली है। इसमें दो दिन पहले संक्रमित मिले कैंट विधायक राजेश अग्रवाल की पत्नी और बेटे समेत भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। इसके अलावा 49 अन्य लोग संक्रमित मिले हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक बृहस्पतिवार को जनप्रनिधियों और उनके परिजन के अलावा ट्रेनिंग के लिए बरेली आए सेना के सात जवान संक्रमित मिले हैं। जो एमएच में आइसोलेट हैं। सेंट्रल जेल के चार सिपाही भी पॉजिटिव मिले हैं। जो होम आइसोलेशन पर हैं। इसके अलावा फतेहगंज पश्चिमी में एएनएम की ट्रेनिंग कर रही छह प्रशिक्षणार्थी समेत जिला महिला अस्पताल की एक स्वास्थ्यकर्मी कोरोना पॉजिटिव मिला है। वहीं, मीरगंज में दो, शिवगंज कोतवाली में दो, शाहदाना में एक, चाहबाई में एक, रामपुर गार्डन में दो, सिविल लाइंस जेल रोड पर एक, भटनागर कॉलोनी में एक, आदर्शनगर नवाबगंज में एक, उदय भानपुर में एक व्यक्ति समेत अन्य इलाकों में कोरोना संक्रमित मिले हैं। जिनकी कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग स्वास्थ्य विभाग की टीमें कर रही हैं। जिले में अब सक्रिय संक्रमितों की तादाद डेढ़ सौ के पार 158 पहुंच चुकी है।
विदेश से लौटे 27 लोग, एक व्यक्ति लापता
ओमिकॉन प्रभावित देशों समेत विदेश से चार जनवरी को बरेली लौटे 27 लोगों की सूची स्टेट सर्विलांस ने भेजी है। आईडीएसपी इंचार्ज और सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग गौतम ने बताया कि तीन व्यक्ति दूसरे जिलों के रहने वाले हैं। ओमिक्रॉन प्रभावित देश से पांच लोग बरेली आए हैं। जिनकी कोविड जांच कराई जा रही है। एक व्यक्ति नाम, पता, मोबाइल नंबर गलत दर्ज होने से उसकी ट्रैकिंग नहीं की जा सकी है।
अब तक 26 सैन्यकर्मी मिल चुके हैं संक्रमित
कोरोना के बढ़ते संक्रमण में अब तक सर्वाधिक सैन्यकर्मी संक्रमित मिले हैं। सैन्य सूत्रों के मुताबिक सैन्य क्षेत्र में दूसरे जिलों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति अथवा सैन्यकर्मी की कोविड जांच रिपोर्ट निगेटिव मिलने के बाद ही प्रवेश दिए जाने के निर्देश का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जल्द ही जनहित में खोली गई वन वे घोड़ा बटालियन रोड भी बंद किए जाने समेत अन्य निर्णय हो सकते हैं।
पार्कों में भी पहुंचने वालों की कोविड जांच
सर्विलांस सेल प्रभारी डॉ. अनुराग ने बताया कि बृहस्पतिवार को गांधी उद्यान में कोविड जांच शिविर लगाया गया। इस दौरान करीब 50 से ज्यादा लोगों की कोविड जांच कराई गई। एंटीजन जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली है। संदिग्ध लक्षण मिलने पर आरटीपीसीआर सैंपल की जांच कराई जाएगी। डॉ. गौतम के मुताबिक पार्कों में तमाम लोग समूह में पहुंचते हैं। अगर एक व्यक्ति संक्रमित हुआ तो वह अन्य को भी संक्रमित कर सकता है। इसके अलावा रेलवे जंक्शन, पुराना बस अड्डा, टोल प्लाजा, एयरपोर्ट समेत अन्य इलाकों में और स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे संदिग्ध लक्षण वाले मरीजों की भी जांच कराई जा रही है।