सीएए और एनआरसी को लेकर गर्माए माहौल में होली का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए अफसरों ने कमर कस ली है। होली के दिन सोमवार को भी जिले में 52 जुलूस निकाले जाएंगे। पुलिस के साथ ही खुफिया अमला भी चौकस है, फिलहाल किसी बवाल की साजिश का इनपुट नहीं है। सेक्टर स्कीम के तहत प्रशासनिक अफसरों और कर्मचारियों को भी लगाया गया है।
डीआईजी राजेश पांडेय ने होली संबंधी तैयारियों को लेकर खुफिया अमले के अधिकारियों को तलब किया। स्पेशल इंटेलिजेंस के एक वरिष्ठ अधिकारी को बुलाकर भी माहौल के संबंध में जानकारी ली गई। बंद कमरे में काफी देर तक वार्ता चली। सीएए से खराब हुए माहौल के दौरान भी बरेली रेंज के चारों जिले बेदाग रहे थे। सूत्र बताते हैं कि होली पर भी कोई बवाल होने के आसार नहीं हैं। लोगों के दिमाग से सीएए को लेकर गलतफहमी निकल गई है।