बरेली। भाजपा और सपा नेताओं को अपने-अपने दलों के प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के लिए बरेली से बाहर जाने का फरमान आ चुका है। केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार की ड्यूटी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में लगी है। अभी वह दिल्ली में हैं। दिल्ली से बरेली आने के बाद वह बनारस जाएंगे। भाजपा के कई विधायकों को लखीमपुर, अयोध्या और बुदेलखंड भेजा गया है। वहीं वरिष्ठ सपा नेता पूर्व मंत्री अताउर्रहमान और पूर्व पार्टी जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव पार्टी के फरमान पर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का चुनाव लड़ाने के लिए आजमगढ़ पहुंच गए हैं।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष गंगवार अपने संसदीय क्षेत्र में मतदान संपन्न होने के बाद अब प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र बनारस में भाजपा के लिए चुनाव प्रचार करेंगे। उन्होंने बताया कि पार्टी की तरफ से उनको बनारस में चुनाव प्रचार करने को कहा गया है। वह दिल्ली से बरेली आने के बाद बनारस को रवाना होंगे। दूसरी ओर भाजपा जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह राठौर अब तक पड़ोसी जनपद शाहजहांपुर में चुनाव प्रचार कर रहे थे। भोजीपुरा विधायक बहोरनलाल मौर्य लखीमपुर और मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा को बांदा में पार्टी के चुनाव प्रचार के लिए भेजा गया है। बिथरी चैनपुर के विधायक राजेश मिश्रा उर्फ पप्पू भरतौल अयोध्या में वहां के भाजपा प्रत्याशी लल्लू सिंह का चुनाव प्रचार कर रहे हैं।