बरेली। शैक्षिक सत्र 2019-20 में एडमिशन के लिए रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएड की मान्यता वाले महाविद्यालयों से 30 अप्रैल तक सूचना मांगी है। निर्धारित समय में सूचना न देने वाले कॉलेज इस सत्र में एडमिशन लेने से वंचित रह जाएंगे।
इस बार बीएड की राज्य स्तरीय प्रवेश परीक्षा की जिम्मेदारी रुहेलखंड विश्वविद्यालय को दी गई थी। 15 अप्रैल को हुई इस परीक्षा में पांच लाख 66 हजार 400 छात्र-छात्राएं शामिल हुए थे। प्रदेश भर में विभिन्न विश्वविद्यालयों से संबद्ध 2210 डिग्री कॉलेज हैं, जिनके पास बीएड की मान्यता है। मगर, इस बार आवेदकों की बड़ी संख्या को देखते हुए सभी कॉलेज में बीएड की सभी सीटें भरने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके चलते रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने अपनी वेबसाइट पर करीब डेढ़ महीने पहले बीएड कॉलेजों से विभागाध्यक्ष, शिक्षक एवं सीटों के बारे में ब्योरा मांगा था। मगर सारे कॉलेजों ने अब तक यह सूचना उपलब्ध नहीं कराई है। इसको देखते हुए विश्वविद्यालय ने जानकारी अपलोड करने की तिथि बढ़ाकर 30 अप्रैल कर दी है। बीएड प्रवेश परीक्षा के राज्य समन्वयक प्रो. बीआर कुकरेती ने बताया कि 30 अप्रैल तक जानकारी अपलोड न करने वाले कॉलेजों की सूचना बीएड एडमिशन की वेबसाइट पर नहीं दिखेगी। ऐसे में इन कॉलेज का यह सत्र खाली रह जाएगा।