बरेली। यूपी बोर्ड परीक्षाओं का महाकुंभ गुरुवार से शुरू हो गया। पहले दिन दोनों पालियों में 4892 परीक्षार्थी शामिल हुए। परीक्षाओं को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए शिक्षा विभाग, प्रशासन और पुलिस मुस्तैद रहा। पहले दिन पहली पाली में हाईस्कूल के संगीत और इंटरमीडिएट की काष्ठ शिल्प, ग्रंथ शिल्प, सिलाई विषय की परीक्षा हुई। वहीं, दूसरी पाली में इंटरमीडिएट की मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र, तर्कशास्त्र विषय की परीक्षा सकुशल संपन्न हुई।
माना जा रहा था कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर ड्यूटी पर नहीं पहुंचे शिक्षकों की वजह से परीक्षा संपन्न कराने में अड़चन आएगी। परीक्षा नियंत्रक ने दोनों पालियों के लिए सूची के अनुसार गायब होने वाले शिक्षकों के स्थान पर शिक्षामित्रों, वित्तविहीन शिक्षकों की ड्यूटी लगाई थी। जिसके चलते कहीं कोई अड़ंगा नहीं लगा। फिर भी अधिकारी अलर्ट रहे। संगीत की परीक्षा में हाईस्कू ल के 394 परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र बांटे गए थे जिसमें से 375 उपस्थित और 19 अनुपस्थित रहे। वहीं, इंटरमीडिएट में 159 में से 134 उपस्थित और 26 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में इंटरमीडिएट (छात्र) की परीक्षा में 1585 परीक्षार्थियों में से 1261 उपस्थित और 324 अनुपस्थित रहे। वहीं, छात्राओं में 3446 में से 3128 उपस्थित और 318 अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 19 और इंटरमीडिएट के लिए 9 केंद्र बनाए गए थे। जीआईसी में दोनोें कक्षाओं की परीक्षा संपन्न हुई।
शिकायत पर जांच के आदेश
पहले दिन फरीदपुर के म्यूज इंटर कॉलेज के प्रिंसिपल को प्रबंध समिति का ‘व्यक्ति’ बताते हुए हटाने की मांग की गई है। शिकायतकर्ता के अनुसार प्रिंसिपल की बेटी उसी कॉलेज में एग्जाम दे रही है। जिसको अप्रत्यक्ष रूप से परीक्षा में लाभ पहुंचाया जाएगा। जिससे परीक्षा की शुचिता प्रभावित होगी। शिकायत पर परीक्षा नियंत्रक डॉ. अवनीश यादव ने जांच के आदेश दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
आज का परीक्षा कार्यक्रम
शुक्रवार को सुबह आठ बजे से हाईस्कूल में कृषि, इंटर की संगीत गायन, वादन और नृत्यकला की परीक्षा होगी। दूसरी पाली में सिर्फ इंटर की संस्कृत, उर्दू, गुजराती, पंजाबी, बंगला, मराठी, आसामी, उड़िया, कन्नड़, सिंधी, तमिल, तेलगू, मलयालम, नेपाली विषय की परीक्षा होगी। परीक्षा के बाबत शिक्षा विभाग ने सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं।