अगवा छात्रा की तलाश में बरेली आई कोलकाता पुलिस ने जंक्शन पर छात्रा को आरोपी के कब्जे से मुक्त करा लिया। आरोपी युवक को भी गिरफ्तार कर लिया। छात्रा दो महीने से युवक के चंगुल में थी।
कोलकाता में रहने वाली एक नि:संतान महिला ने सुभाषनगर इलाके के अपने बहनोई की बेटी को उस वक्त गोद ले लिया था जब वह आठ साल की थी। इस समय यह लड़की कक्षा आठ में पढ़ती है। तीन महीने पहले सुभाषनगर इलाके के गुड्डू ने किसी तरह से छात्रा का मोबाइल नंबर हासिल कर लिया और फिर लड़की को उसके पिता का पड़ोसी होने का हवाला देकर फोन करने लगा।
दो महीने पहले गुड्डू कोलकाता पहुंचा और छात्रा को अगवा कर लाया। इस मामले में छात्रा के मौसा ने 18 नवंबर को कोलकाता के जिला विधाननगर के थाना बगाती में गुड्डू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। एक सप्ताह पहले गुड्डू ने छात्रा के मौसा को फोन करके उनसे 30 हजार रुपये देकर छात्रा को ले जाने को कहा। गुड्डू ने धमकी दी कि रुपये न मिलने पर वह छात्रा को किसी दूसरे व्यक्ति को बेच देगा।
शुक्रवार सुबह कोलकाता पुलिस के एसआई गणेश सरदर, कांस्टेबल दिनेश महतो, महिला कांस्टेबल लिपिका और गौसलेमा खातून बरेली पहुंचे। उन्होंने जीआरपी इंस्पेक्टर कृष्ण अवतार को घटना की जानकारी दी। इसके बाद मौसा ने गुड्डू को फोन कर छात्रा को लेकर आने और रुपये ले जाने को कहा। गुड्डू छात्रा को लेकर आया तो पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस दोनों को अपने साथ कोलकाता ले गई है।