बरेली। उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए निवेश मित्र पोर्टल के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। आयुक्त सभागार में हुई बैठक में उद्यमियों को बताया गया कि पोर्टल पर 20 विभाग और 70 उद्योग व सेवाएं शामिल हैं। अगर कोई उद्यमी नया कारोबार शुरू करना चाहता है तो वह पोर्टल के जरिये सिंगल विंडो सिस्टम की तरह सभी विभागों में एक साथ आवेदन कर सकता है। इसके लिए सरकार ने सभी विभागों के लिए समय सीमा का निर्धारण भी किया है।
कमिश्नर रणवीर प्रसाद की अध्यक्षता में उत्तर प्रदेश औद्योगिक निवेश एवं रोजगार प्रोत्साहन नीति के क्रियान्वयन के लिए अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं को सरलीकरण, समयबद्घ स्वीकृतियों, अनुमोदनों, अनुमतियों, लाइसेंस को ऑनलाइन सिंगल विंडो पोर्टल ‘निवेश मित्र’ विकसित किया गया है। पोर्टल के बारे में तकनीकी प्रशिक्षण लखनऊ से आई टीम ने आयुक्त सभागार में प्रोजेक्टर के माध्यम से दिया।
इस अवसर पर पंकज अरोड़ा व अभिनव किशोर ने प्रोजेक्टर के माध्यम से बताया कि निवेश मित्र पोर्टल में 20 विभागों की 70 सेवाएं निवेशकों को ऑनलाइन प्रदान की गई हैं। उत्तर प्रदेश में व्यवसाय की सहजता में वृद्धि के लिए कई कदम उठाए गए हैं और सुधारों को लागू किया है।
इस अवसर पर कमिश्नर से उद्यमियों ने मांग की कि निवेश मित्र में नगर निगम एवं बीडीए को भी शामिल किया जाए। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त उद्योग ऋषि रंजन गोयल, नगर आयुक्त राजेश कुमार श्रीवास्तव, भोजीपुरा, सीबीगंज औद्योगिक आस्थान एसोसिएशन, आईआईए के पदाधिकारी व कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।