बरेली। उत्तर प्रदेश डांस स्पोर्ट्स संघ के तत्वावधान में मुरादाबाद में हुई राज्य स्तरीय डांस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता में 40 जिलों के ढाई सौ से ज्यादा बच्चे शामिल हुए। बरेली डांस स्पोर्ट्स के सचिव आशीष मिश्रा ने बताया कि प्रतियोगिता में वर्ल्ड योगा चैंपियन तेजस्वी शर्मा व डांस बांगला डांस के विजेता प्रकाश सिन्हा, बालीवुड एक्टर लोकेश तिलकधारी एवं डांस इंडिया डांस के कमलेश पटेल भी शामिल थे। 24 व 25 नवंबर को हुई प्रतियोगिता में बरेली के 26 प्रतिभागी शामिल हुए। इसमें सात ने स्वर्ण, छह ने रजत और चार प्रतिभागियों ने कांस्य पदक हासिल किए। जूनियर वर्ग में आराध्या सिंह व शौर्य सिंह ने स्वर्ण और रैना मिश्रा ने रजत पदक जीता। सीनियर वर्ग में दक्ष सक्सेना, राशि खट्टर व विशाखा श्रीवास्तव ने स्वर्ण और ऐंजल अरोड़ा ने रजत पदक हासिल किया। बरेली डांस स्पोर्ट्स की अध्यक्षा हर्षा खट्टर ने बताया कि सभी विजेता जम्मू में होने वाली राष्ट्रीय डांस प्रतियोगिता के लिए भी चयनित किए गए हैं।