मंडल के तीन जिलों में जानलेवा बुखार जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) का खतरा मंडरा रहा है। शासन ने वीडियो कांफ्रेंसिंग कर जापानी इंसेफेलाइटिस को लेकर सूबे के 39 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इनमें बरेली के अलावा पीलीभीत और शाहजहांपुर जिला भी शामिल है।
पूर्वांचल में जानलेवा जेई से बड़ी संख्या में बच्चों को जान गई थी। सीएमओ डॉ. विनीत शुक्ला और सीएमएस डॉ. केएस गुप्ता के मुताबिक मंडल के तीन जिलों में अलर्ट जारी है। इसमें मच्छरों के काटने से होने वाली बीमारियों जेई, डेंगू और मलेरिया को लेकर सजग रहने के लिए कहा गया है। जिला अस्पताल में डेंगू, मलेरिया वार्ड बनाने को कहा गया है। फीवर डेस्क बनाकर मरीजों की मदद करने के निर्देश भी दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग तीनों जिलों में जल्द ही टीकाकरण अभियान चलाएगा।
यह है जेई के लक्षण
ठंड लगकर तेज बुखार आना।
थकान होना, सिर दर्द।
उल्टी आने और घबराहट।
लार्वा तलाशने और उसे नष्ट करने के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है। जेई, डेंगू और मलेरिया वार्ड में स्टाफ को सचेत रहने के लिए कहा गया है। बारिश के बाद इन बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। - डॉ. विनीत शुक्ला, सीएमओ