एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के मुख्य छात्रावास में जबरन फेयरवेल पार्टी करने को लेकर खासा हंगामा हो गया। इंजीनियरिंग ईई ब्रांच के छात्र बिना हॉस्टल प्रशासन की अनुमति के फेयरवेल पार्टी करने लगे। इसकी भनक हॉस्टल प्रशासन को लगी तो आनन-फानन में हॉस्टल के सामने बने हैलीपैड पर चल रही पार्टी को रुकवाया। ज्यादा हंगामा होने पर पुलिस को भी बुलाया गया।
विश्वविद्यालय में इंजीनियरिंग की परीक्षाएं अगले सप्ताह से शुरू हो रही हैं। छात्रों की मंशा है कि जूनियर छात्रों के साथ उनकी फेयरवेल पार्टी हो जाए। इसकी अनुमति के लिए छात्र चीफ वार्डन प्रोफेसर एके जेटली से भी मिले। चीफ वार्डन ने आठ मई को शाम से रात दस बजे तक पार्टी करने की अनुमति दे दी। सूत्रों का कहना है कि ईई ब्रांच के छात्र अपनी पार्टी अलग करना चाहते थे। इसकी अनुमति के लिए छात्र चीफ वार्डेन से भी मिले लेकिन उनको अलग से पार्टी आयोजित करने की अनुमति नहीं मिली। चीफ वार्डन का कहना था कि पार्टी करनी है तो एक साथ करो। सूत्रों की माने तो बीटेक ईई के छात्रों ने बिना परमीशन के हैलीपैड पर डीजे जेनरेटर मंगाकर पार्टी की तैयारी कर ली। सूचना चीफ वार्डेन तक पहुंची। मुख्य छात्रावास के इंचार्ज सुधांशु शर्मा और पीजी हॉस्टल के वार्डन डॉॅ. एके सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने पार्टी बंद कराई डीजे संचालक को पुलिस बुलाने की चेतावनी दी। पुलिस की बात सुनकर डीजे संचालक अपना डीजे लेकर भाग गया। सुधांशु शर्मा ने कहा कि हास्टल में बाहरी छात्रों के प्रवेश पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। आयोजन आठ मई को अनुमति के अनुसार होगा।
वर्जन
एक साथ सभी का फेयरवेल करने के लिए अनुमति दी थी। आठ मई को छात्र शाम छह से रात आठ बजे तक पार्टी कर सकते हैं, लेकिन एक ब्रांच के छात्र अपनी अलग पार्टी करने लगे। आयोजन रुकवा दिया गया। मनमानी करने वाले छात्रों पर कार्रवाई भी की जाएगी। पार्टी करने के लिए अलग-अलग अनुमति नहीं देंगे। -प्रोफेसर एके जेटली, चीफ वार्डन
मल्टीपरपज हॉल में नहीं मिली अनुमति
दरअसल छात्रों की मंशा थी कि फेयरवेल मल्टीपरपज हाल में करने की अनुमति मिले, लेकिन पिछले कुछ आयोजन में यहां लड़कियों के साथ बदसलूकी हो चुकी है। इसलिए विश्वविद्यालय ने यहां आयोजन की अनुमति नहीं दी। इसलिए छात्रों ने हॉस्टल में आयोजन की अनुमति मांगी थी। हैलीपैड पर डीजे लगाया गया, लेकिन उससे पहले ही सारा खेल बिगड़ गया।