बरेली। रामगंगानगर की रामायण वाटिका में लगाई जाने वाली भगवान राम की 51 फुट ऊंची मूर्ति नोएडा में तैयार होगी। इसमें तीन महीने लगेंगे। तब तक उस स्थान को विकसित किया जाएगा, जहां मूर्ति की स्थापना होनी है। वनवासी वेश में राम की इतनी ऊंची प्रतिमा अभी कहीं नहीं है। यह जानकारी मूर्तिकार राम सुतार के बेटे अनिल ने बीडीए के अधिकारियों को प्रेजेंटेशन के दौरान दी थी। मंगलवार को बीडीए उपाध्यक्ष मनिकंडन ए ने मूर्ति स्थापना स्थल का निरीक्षण कर वाटिका में उन प्रजातियों के पौधे लगाने के निर्देश दिए जो राम के वनगमन मार्ग में थे। फरवरी में होने वाले फ्लावर शो की तैयारियों पर चर्चा की। अधिकारियों से कहा कि पुष्प प्रदर्शनी में शहर के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उपाध्यक्ष ने बीडीए के नए दफ्तर का भी जायजा लिया। दो माह में इसका काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद बीडीए कार्यालय प्रियदर्शीनगर से नए दफ्तर में शिफ्ट होगा। ब्यूरो