350 पुरुष और 150 महिला प्रशिक्षु पुलिस लाइन में लेंगे एक महीने का प्रशिक्षण
बरेली। पुलिस भर्ती परीक्षा में सफल होने वाले 500 प्रशिक्षुओं का सोमवार से पुलिस लाइन में जेटीसी (ज्वाइनिंग ट्रेनिंग कोर्स) शुरू करा दिया गया है, इनमें 350 पुरुष और 150 महिला प्रशिक्षु शामिल हैं।
वर्ष 2018 की भर्ती प्रक्रिया में सफल होने वाले 500 प्रशिक्षुओं को बरेली पुलिस लाइन में आरटीसी ट्रेनिंग के लिए भेजा गया है। प्रशिक्षुओं की ये ट्रेनिंग 31 मई से 30 जून तक चलेगी। इस दौरान इन्हें वर्दी पहनना, पीटी, परेड, ड्रिल, सावधान-विश्राम, अनुशासन और पुलिस रैंक आदि की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उनके बैंक अकाउंट खुलवाने, पीएनओ नंबर आवंटित करने की प्रक्रिया होगी। इसके बाद छह महीने तक आरटीसी (रिजर्व ट्रेनिंग कोर्स) में इन्हें विभागीय पाठ्यक्रम, फील्ड में काम करने का तरीका आदि सिखाया जाएगा। फिर पासिंग आउट परेड के बाद उन्हें थानों में तैनाती दी जाएगी। आरआई हरेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सोमवार को दिन भर रिक्रूट के आने का सिलसिला जारी रहा है। उनकी ट्रेनिंग शुरू करा दी गई है।